Free Cochlear Implant Surgery: 4 साल की तनिष्का के लिए इस बार जन्मदिन सिर्फ केक और खुशियों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उसे सुनने की नई दुनिया का अनमोल उपहार भी मिला। बारां निवासी तनिष्का का सोमवार को सवाई मानसिंह अस्पताल में ‘मां योजना’ के तहत नि:शुल्क कॉक्लियर इम्प्लांट ऑपरेशन किया गया। संयोग से 20 अप्रेल को ही उसका जन्मदिन था, जिससे यह दिन परिवार के लिए हमेशा यादगार बन गया।
अब तक आवाजों की दुनिया से दूर रही तनिष्का के माता-पिता के लिए यह पल भावुक कर देने वाला था। ऑपरेशन सफल होने के बाद परिवार की आंखों में खुशी के आंसू छलक उठे। चिकित्सकों ने बताया कि आने वाले समय में थेरेपी और नियमित जांच के माध्यम से तनिष्का धीरे-धीरे ध्वनियों को पहचानना और समझना सीख सकेगी। परिवार ने इसे तनिष्का के जीवन का सबसे बड़ा जन्मदिन उपहार बताया और अस्पताल प्रशासन व चिकित्सकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
ऑपरेशन के बाद बच्ची स्वस्थ
ऑपरेशन ईएनटी विभागाध्यक्ष डॉ. पवन सिंघल के नेतृत्व में डॉ. आभा कपूर, डॉ. भवानी और डॉ. अन्वेषा की टीम ने सफलतापूर्वक किया। यह जटिल प्रक्रिया पूरी सावधानी और आधुनिक तकनीकों की मदद से संपन्न की गई। निश्चेतन विभाग की प्रोफेसर डॉ. सोनाली बेनीवाल तथा नर्सिंग ऑफिसर मंजु और रितु ने भी पूरे ऑपरेशन के दौरान महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया, जिससे प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी हो सकी। ऑपरेशन के बाद तनिष्का स्वस्थ है।
आरयूएचएस का 11वां दीक्षांत समारोह 24 अप्रेल को
राजस्थान स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय का 11वां दीक्षांत समारोह 24 अप्रेल को प्रातः 10 बजे आयोजित किया जाएगा। समारोह में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी, जो उनके वर्षों के परिश्रम और समर्पण का प्रतीक होगा। इस अवसर पर विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावक भी उपस्थित रहेंगे, जिससे कार्यक्रम का उत्साह और बढ़ेगा । समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े करेंगे, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, संकाय सदस्य एवं विद्यार्थी भी सहभागी होंगे । साथ ही विभिन्न उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया जाएगा, जिससे अन्य छात्रों को प्रेरणा मिलेगी ।


