जगराओं ज्वेलर्स लूटकांड का खुलासा:तीन आरोपी गिरफ्तार, लूटे गए गहने बरामद, मोगा में बाइक लूटने की कबूली वारदात

जगराओं ज्वेलर्स लूटकांड का खुलासा:तीन आरोपी गिरफ्तार, लूटे गए गहने बरामद, मोगा में बाइक लूटने की कबूली वारदात

जगराओं पुलिस ने शहर में ज्वेलर्स की दुकान पर हुई लूट की वारदात को अंजाम देने वाले तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना गुरुवार देर रात हुई थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए लगभग 17 तोले चांदी के गहने, एक सोने की चेन और वारदात में इस्तेमाल की गई तलवार बरामद की है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान तरलोचन सिंह उर्फ बाबा, जसकरन सिंह और कमलदीप सिंह उर्फ कमल के रूप में हुई है। पुलिस ने इन आरोपियों से गहन पूछताछ के बाद यह बरामदगी की। डीएसपी डी. सागर बनाल ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कई अहम खुलासे किए हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि जगराओं की वारदात से करीब तीन दिन पहले उन्होंने मोगा में हथियारों के बल पर एक राहगीर से बाइक छीनी थी। इसी छीनी हुई बाइक का इस्तेमाल तरलोचन सिंह और उसका भतीजा कमलदीप ने अपने तीसरे साथी के साथ जगराओं में लूट को अंजाम देने के लिए किया। पुलिस बोली- आरोपी दुकान में घुसते ही आक्रामक हो गए पुलिस के अनुसार, आरोपी दुकान में घुसते ही आक्रामक हो गए। उन्होंने वहां मौजूद एक ग्राहक पर तलवार से हमला कर दिया, जिससे दुकानदार को संभलने का मौका नहीं मिला। जब ग्राहक ने विरोध करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने पिस्तौल निकालकर दहशत फैलाई और दुकान से चांदी के गहने व सोने की चेन लूटकर फरार हो गए। पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी तरलोचन सिंह उर्फ बाबा और उसका भतीजा कमलदीप पहले से ही आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, तरलोचन सिंह हत्या सहित कई गंभीर मामलों में नामजद है और कई मामलों में भगोड़ा भी चल रहा है। उस पर पहला हत्या का मामला वर्ष 2015 में दर्ज हुआ था, और 2021 तक उसके खिलाफ कुल सात मामले दर्ज हो चुके थे। कमलदीप सिंह उर्फ कमल पर भी तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिसमें पहला मामला वर्ष 2022 में दर्ज हुआ था। पुलिस अब इन आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी गहन पूछताछ कर रही है ताकि उनके पूरे आपराधिक नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *