RCB के सलामी बल्लेबाज जेकब बेथेल बाएं हाथ की रिंग फिंगर में चोट लाग्ने की वजह से अपने देश इंग्लैंड वापस लौट गए है। गुजरात टाइटंस के खिलाफ क्वालीफायर-1 में वे खेलते हुए दिखाई नहीं देंगे।
Jacob Bethell Injury, Royal Challengers Bengaluru, IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है। गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने टेबल टॉप करते हुए प्लेऑफ में जगह पक्की कर ली है, लेकिन टीम को एक बड़ा झटका लगा है। युवा सलामी बल्लेबाज जेकब बेथेल चोट के कारण टूर्नामेंट के बचे हुए मैचों से बाहर हो गए हैं। आरसीबी ने शनिवार को इसकी आधिकारिक पुष्टि कर दी।
बेथेल इंग्लैंड वापस लौटे
बेथेल को पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ मैच के दौरान बाएं हाथ की रिंग फिंगर में चोट लगी थी। इसके बाद उन्हें इंग्लैंड वापस भेज दिया गया। इंग्लैंड को 4 जून से न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलनी है, इसलिए बेथेल आईपीएल के शेष मुकाबलों में आरसीबी की मदद नहीं कर पाएंगे।
बाएं रिंग फिंगर में चोट लगी
आरसीबी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “जेकब बेथेल को PBKS के मैच में बाएं रिंग फिंगर में चोट लगी है। वे इंग्लैंड लौट रहे हैं, जहां टेस्ट सीरीज से पहले उनकी चोट का आकलन किया जाएगा।” इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने भी इसकी पुष्टि की है। बोर्ड ने कहा कि बेथेल पर पूरी नजर रखी जा रही है और 4 जून को लॉर्ड्स में शुरू होने वाले पहले टेस्ट के लिए उनकी उपलब्धता बाद में तय की जाएगी।
फिल सॉल्ट की जगह मिला था मौका
फिल सॉल्ट की चोट के बाद आरसीबी ने बेथेल को प्लेइंग 11 में शामिल किया था, लेकिन वे ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ पाए। 7 मैचों में उन्होंने सिर्फ 96 रन बनाए। अब चोट के कारण उनका आईपीएल 2026 का सफर यहीं समाप्त हो गया। इससे पहले इस महीने बेथेल बिना कुछ कहे इंग्लैंड क्रिकेट के दो दिग्गज एलिस्टेयर कुक और केविन पीटरसन के बीच विवाद में फंस गए थे।
एलिस्टेयर कुक ने वापस जाने की सलाह दी थी
टूर्नामेंट के शुरुआती हफ्तों में जब बेथेल लगातार बेंच पर बैठे रहे, तो पूर्व इंग्लैंड कप्तान एलिस्टेयर कुक ने कहा था कि उन्हें आईएल में समय बर्बाद करने की बजाय घर लौटकर काउंटी क्रिकेट खेलना चाहिए। इससे वे टेस्ट सीरीज के लिए बेहतर तैयार रहेंगे। कुक ने यह भी याद दिलाया कि बेथेल ने सिडनी में एशेज के दौरान शतक जड़ा था।
दूसरी ओर, केविन पीटरसन ने कुक की इस टिप्पणी पर तीखा हमला बोला। पीटरसन ने कहा कि बेथेल जैसे युवा खिलाड़ी को दुनिया के बेहतरीन क्रिकेटरों के साथ रहने और उनसे सीखने का मौका मिल रहा है, भले ही वह खेल नहीं रहा हो। उन्होंने कुक पर यह भी आरोप लगाया कि उन्हें आईपीएल की समझ ही नहीं है।
बाद में स्टिक टू क्रिकेट पॉडकास्ट पर कुक ने जवाब देते हुए कहा, “मैंने सिर्फ अपनी राय दी थी। उस समय वह खेल नहीं रहा था। पिछले साल भी वे आईपीएल गए थे और ज्यादा मैच नहीं खेले। मेरे हिसाब से उन्हें घर आकर काउंटी क्रिकेट खेलना चाहिए था।”
वेंकटेश अय्यर करेंगे सलामी बल्लेबाजी
अब बिना जेकब बेथेल के आरसीबी मैदान पर उतरेगी। मंगलवार को गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ क्वालीफायर-1 में आरसीबी बेथेल के बिना उतरेगी। हालांकि सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ आखिरी लीग मैच में भी बेथेल उपलब्ध नहीं थे।उनकी जगह वेंकटेश अय्यर ने विराट कोहली के साथ सलामी बल्लेबाजी की जिम्मेदारी संभाली थी।
Sports – Patrika | CMS




