Iran targets American military base Kuwait: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता दिखाई पड़ रहा है। दरअसल, ईरान ने गुरुवार को कुवैत पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए हैं। उधर, ईरानी हमलों को देखते हुए कुवैत ने अपने एयर डिफेंस सिस्टम को एक्टिव कर दिया है। इसकी पुष्टि कुवैत की सेना की तरफ से की गई है। ईरान के हमलों को लेकर कुवैत की सेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘लोगों को सुनाई देने वाली किसी भी तरह की धमाके की आवाज एयर डिफेंस सिस्टम द्वारा हमलों को रोकने के कारण है।’ इस दौरान कुवैत की सेना ने नागरिकों से अपील की है कि वे संबंधित अधिकारियों की ओर से जारी सुरक्षा और बचाव संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
अमेरिकी सैन्य ठिकानों को बनाया निशाना
ईरान की समाचार एजेंसी ने कुवैत पर हमले की पुष्टि की है। एजेंसी ने दावा किया है कि ईरान ने कुवैत में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है। हालांकि, ईरान की तरफ से कुवैत पर हमलों को लेकर किसी तरह की टिप्पणी नहीं की गई है। अमेरिका की तरफ से भी ताजा हमलों को लेकर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
अमेरिकी के ताजा हमलों में 18 मरे
अमेरिका ने एक महीने के बाद ईरान पर बड़े हमले किए थे। इन हमलों में ईरान में 18 लोगों की मौत हुई, जिनमें दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल है। अमेरिका द्वारा किए गए इन हमलों में 142 लोग घायल हैं, जिनमें 61 महिलाएं भी हैं। घायल लोगों में 18 वर्ष से कम आयु के 44 लोग शामिल हैं। यह जानकारी ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता हुसैन करमानपुर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर दी है।
उधर, ईरान में शादी समारोह को निशाना बनाए जाने पर संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने दुख प्रकट किया है। उन्होंने ईरानी नागरिकों के मारे जाने और घायलों के प्रति अपनी संवेदना जताई है। उन्होंने नागरिकों पर हमले की कड़ी निंदा भी की है। इस दौरान एंटोनियो गुटेरेस ने अमेरिका और ईरान के बीच नए सिरे से जंग शुरू होने पर गंभीर चिंता जाहिर की है।
‘होर्मुज स्ट्रेट पर शिपिंग पर रोक मंजूर नहीं’
अमेरिका और ईरान के बीच मौजूदा तनाव के बीच ऑस्ट्रेलिया ने होर्मुज स्ट्रेट बंद होने पर नाराजगी जताई है। ऑस्ट्रेलिया के डिप्टी प्राइम मिनिस्टर और डिफेंस मिनिस्टर रिचर्ड मार्लेस ने स्थानीय मीडिया से बातचीत में कहा, ‘हमें यह देखने की जरूरत है कि होर्मुज स्ट्रेट खुला हो। ईरान की हरकतें समुद्री कानून पर यूएन कन्वेंशन और नेविगेशन की आजादी के सिद्धांत के बिल्कुल खिलाफ हैं।’ उन्होंने आगे कहा, ‘ईरान अभी भी होर्मुज स्ट्रेट पर शिपिंग को सीमित करने की कोशिश कर रहा है, जो मंजूर नहीं है।’



)