छतरपुर में IPL सट्टा रैकेट का खुलासा, सट्टा माफिया राहुल शुक्ला के दो गुर्गे गिरफ्तार

छतरपुर में IPL सट्टा रैकेट का खुलासा, सट्टा माफिया राहुल शुक्ला के दो गुर्गे गिरफ्तार

IPL Betting: मध्यप्रदेश के छतरपुर में पुलिस ने आईपीएल के सीजन में सट्टे का कारोबार करने वाले संगठित गिरोह के खिलाफ बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक की है। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के सख्त निर्देशों के बाद कोतवाली पुलिस ने दबिश देकर सट्टा खिलाने वाले दो आरोपियों को रंगे हाथों दबोचा है। इस पूरे मामले में सनसिटी कॉलोनी निवासी राहुल शुक्ला का नाम मुख्य सरगना और सट्टा माफिया के तौर पर उभरकर सामने आया है, जो फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस सट्टा माफिया राहुल शुक्ला को जल्द गिरफ्तार करने की बात कह रही है।

घेराबंदी कर पकड़े सटोरिये

कोतवाली थाना प्रभारी सतीश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम जब क्षेत्र के भ्रमण पर थी, तभी पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि किशोर सागर तालाब रोड पर कुछ लोग मोबाइल के जरिए बड़े पैमाने पर आईपीएल मैच पर सट्टे का संचालन कर रहे हैं। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। पुलिस ने जब दोनों आरोपियों को पकड़कर उनके मोबाइल फोन की बारीकी से जांच की तो उसमें आईपीएल मैचों पर दांव लगाने वाली आईडी लॉगिन पाई गईं। इसके बाद पुलिस दोनों आरोपियों को पकड़कर थाने लेकर आई और उनसे पूछताछ शुरू की।

CHHATARPUR

सट्टा माफिया राहुल शुक्ला का 3 जिलों में फैला है जाल

पकड़े गए दोनों आरोपियों से पूछताछ और पुलिस जांच में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड आईडी एजेंट राहुल शुक्ला (निवासी सनसिटी कॉलोनी) है। राहुल शुक्ला कोई साधारण सटोरिया नहीं, बल्कि एक शातिर सट्टा माफिया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार राहुल शुक्ला के खिलाफ छतरपुर, सतना और निवाड़ी सहित तीन जिलों में 7 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। वह जुआ, सट्टा, धोखाधड़ी और सरकारी व निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसे संगठित अपराधों में लंबे समय से संलिप्त रहा है। पुलिस ने इसे संगठित अपराधी की श्रेणी में रखते हुए इसकी तलाश तेज कर दी है।

पुलिस का दावा- जल्द गिरफ्त में होगा सट्टा माफिया

पुलिस ने मौके से वीरेंद्र गिरी गोस्वामी (निवासी बस स्टैंड) और क्लाइंट आईडी डिस्ट्रीब्यूटर लल्लू उर्फ कुलदीप गुप्ता (निवासी विश्वनाथ कॉलोनी) को गिरफ्तार किया है। इनके पास से सट्टे में इस्तेमाल होने वाले 2 कीमती मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पुलिस ने राहुल शुक्ला, वीरेंद्र और कुलदीप के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 112(2) एवं पब्लिक गैंबलिंग एक्ट के तहत संगठित अपराध का मामला दर्ज किया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सट्टा माफिया राहुल शुक्ला को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *