IPL 2026: क्या खत्म हो गया जसप्रीत बुमराह का डर? पिछले छह IPL मैचों में नहीं मिला एक भी विकेट, जमकर लुटाये रन

IPL 2026: क्या खत्म हो गया जसप्रीत बुमराह का डर? पिछले छह IPL मैचों में नहीं मिला एक भी विकेट, जमकर लुटाये रन

यॉर्कर किंग के नाम से मशहूर जसप्रीत बुमराह की गेंदों पर इस सीजन बल्लेबाज आराम से रन बना रहे हैं। वे अबतक पिछले छह मैचों में एक भी विकेट नहीं ले पाये हैं। 

Jasprit Bumrah, Mumbai Indians, Indian Premier League 2025: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 किसी खिलाड़ी के लिए सबसे निराशाजनक साबित हो रहा है, तो वो हैं दुनिया के सबसे घातक तेज गेंदबाज माने जाने वाले जसप्रीत बुमराह। मुंबई इंडियंस (MI) के इस स्टार गेंदबाज इस सीजन में न तो रन रोक पा रहे हैं और न ही विकेट लेने में सफल हो रहे हैं। उनकी फॉर्म में आई गिरावट मुंबई इंडियंस की लगातार हारों का एक बड़ा कारण बनती दिख रही है।

बुमराह का सबसे खराब आईपीएल सीजन

जसप्रीत बुमराह मुंबई इंडियंस की गेंदबाजी इकाई के सबसे मजबूत और भरोसेमंद हथियार माने जाते हैं। चाहे शुरुआती ओवर हों या डेथ ओवर, बुमराह के खिलाफ रन बनाना हर बल्लेबाज के लिए बेहद मुश्किल काम रहा है। बल्लेबाज उनके सामने रिस्क लेने की बजाय अपनी विकेट बचाने की कोशिश करते हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी उनके साथ यही स्थिति रहती है, लेकिन आईपीएल 2026 बुमराह के लिए पूरी तरह अलग, साधारण और बेहद निराशाजनक साबित हो रहा है।

बुमराह जमकर लुटा रहे रन

यॉर्कर किंग के नाम से मशहूर जसप्रीत बुमराह की गेंदों पर इस सीजन बल्लेबाज आराम से रन बना रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि सीजन के पहले मैच में ही 15 साल के युवा सनसनीखेज वैभव सूर्यवंशी ने बुमराह की पहली गेंद पर छक्का जड़ दिया था। आईपीएल 2026 में 5 मैचों में 19 ओवर फेंकने के बावजूद बुमराह ने 164 रन लुटा दिए हैं, लेकिन उन्हें एक भी विकेट नहीं मिल सका है।

पिछले सात IPL मैचों जसप्रीत बुमराह का प्रदर्शन

IPL 2025
1/27 (4) vs GT, मुल्लांपुर (एलिमिनेटर)
0/40 (4) vs PBKS, अहमदाबाद, (क्वालीफायर)

IPL 2026
0/35 (4) vs KKR, वानखेड़े
0/21 (4) vs DC, दिल्ली
0/32 (3) vs RR, गुवाहाटी
0/35 (4) vs RCB, वानखेड़े
0/41 (4) vs PBKS, वानखेड़े

पिछले सात मैचों में सिर्फ एक विकेट मिला

उनकी इस खराब फॉर्म ने न सिर्फ मुंबई इंडियंस को परेशान किया है, बल्कि टीम की लगातार चौथी हार का एक प्रमुख कारण भी बन गई है। इतना ही नहीं पिछले सात आईपीएल मैचों में बुमराह ने सिर्फ एक विकेट झटका है। यह विकेट आईपीएल 2025 के एलिमिनेटर में गुजरात टाइटन्स (GT) के खिलाफ आया था। तब बुमराह ने 27 रन देते हुए एक विकेट लिया था।

टूर्नामेंट टीम मैच पारियां गेंदें रन विकेट
IPL (कुल) MI 150 150 3451 4195 183
IPL 2026 MI 5 5 114 164 0
IPL 2025 MI 12 12 284 316 18
IPL 2024 MI 13 13 311 336 20
IPL 2022 MI 14 14 320 383 15
IPL 2021 MI 14 14 330 410 21
IPL 2020/21 MI 15 15 360 404 27
IPL 2019 MI 16 16 370 409 19
IPL 2018 MI 14 14 324 372 17
IPL 2017 MI 16 16 356 440 20
IPL 2016 MI 14 14 312 406 15
IPL 2015 MI 4 4 90 184 3
IPL 2014 MI 11 11 238 301 5
IPL 2013 MI 2 2 42 70 3

इरफान पठान ने अपने यूट्यूब चैनल पर बुमराह की गेंदबाजी का विश्लेषण करते हुए कहा, “बुमराह को विकेट मिलना बहुत जरूरी है। उनके फॉर्म में दिक्कत नहीं है। इस सीजन में उनकी औसत गति लगभग 130 किमी/घंटा रही है। वह लगभग 44 प्रतिशत धीमी गेंद का इस्तेमाल कर रहे हैं, लगभग हर दूसरी गेंद धीमी होती है।” पठान ने कहा, “मुझे लगता है कि अगर वह धीमी गेंदों की तुलना में तेज गेंद ज्यादा करेंगे तो उन्हें परिणाम मिलेंगे। यह आसान हल हो सकता है परेशानी का, बाकी बुमराह को कोचिंग की जरूरत नहीं है।”

आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, “मैं इसमें बुमराह की कोई गलती नहीं मानता। अभी भी बुमराह बहुत रन नहीं दे रहे हैं। उनकी इकॉनमी अभी भी 10 से नीचे है। परेशानी बुमराह से पहले और बाद में गेंदबाजी करने वालों में है। वे इतने रन लुटा रहे हैं कि कोई भी बुमराह पर रिस्क नहीं लेना चाहता है। इसी वजह से उन्हें विकेट नहीं मिल रहा। टी20 क्रिकेट में अच्छी गेंद पर विकेट मिल जाए ऐसा मुश्किल होता है। बल्लेबाज जब शॉट के लिए जाएंगे, तभी विकेट मिलेगा।”

​Sports – Patrika | CMS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *