IPL 2026 playoff qualification scenarios: आईपीएल 2026 के चौथे प्लेऑफ स्पॉट के लिए जंग बेहद रोमांचक हो गई है। वानखेड़े स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स और इडेन गार्डन्स में कोलकाता नाइट राइडर्स के आखिरी मैचों से तय होगा कि पंजाब, राजस्थान या कोलकाता में से कौन सी टीम टॉप-4 में जगह बनाएगी।
IPL 2026 playoff qualification scenarios: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के प्लेऑफ का चौथा और आखिरी टिकट किसके हाथ लगेगा, इसका फैसला लीग स्टेज के बिल्कुल आखिरी दिन यानि आज 24 मई, रविवार को होने है। शनिवार रात (23 मई) पंजाब किंग्स (PBKS) ने लखनऊ सुपर जाइंट्स (LSG) को हराकर खुद को रेस में बनाए रखा है। अब मैदान पर राजस्थान रॉयल्स (RR) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की टीमें आमने-सामने की जंग में हैं। दोनों ही टीमों की किस्मत खुद उनके हाथ में है, लेकिन गारंटी किसी की भी नहीं है। आइए समझते हैं कि तीनों टीमों के क्वालिफिकेशन का पूरा समीकरण।
पंजाब किंग्स (PBKS) कैसे कर सकती है क्वालिफाई?
पंजाब ने अपने सभी 14 मैच खेल लिए हैं, जिसमें 7 जीत, 6 हार और 1 मैच बेनतीजा रहने के साथ उनके पास 15 पॉइंट्स हैं। इस समय पंजाब पॉइंट्स टेबल में राजस्थान (14 पॉइंट्स) और कोलकाता (13 पॉइंट्स) से आगे है।
पंजाब के क्वालिफाई करने का सबसे सीधा रास्ता यह है कि रविवार दोपहर के मैच में मुंबई इंडियंस, राजस्थान रॉयल्स को हरा दे और शाम के मैच में दिल्ली कैपिटल्स, कोलकाता नाइट राइडर्स को हरा दे। लेकिन अगर कोलकाता मैच जीत भी जाती है, तब भी पंजाब क्वालिफाई कर सकता है, बशर्ते कोलकाता की जीत 60-65 रन से कम की हो या वो दिल्ली के टारगेट को 12.5 ओवर के बाद चेज कर पाए।
राजस्थान रॉयल्स (RR) कैसे कर सकती है क्वालिफाई?
राजस्थान रॉयल्स के लिए प्लेऑफ का समीकरण बिल्कुल साफ है। उन्हें दोपहर के मैच में वानखेड़े स्टेडियम (मुंबई) में सिर्फ मुंबई इंडियंस को हराना होगा। अगर राजस्थान यह मैच जीत जाती है, तो वह 16 अंकों के साथ सीधे प्लेऑफ में पहुंचने वाली चौथी टीम बन जाएगी। इसके बाद शाम को केकेआर और दिल्ली के मैच का नतीजा कुछ भी हो, पंजाब और कोलकाता टूर्नामेंट से बाहर हो जाएंगे।
कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) कैसे कर सकती है क्वालिफाई?
इन तीनों में सबसे पेचीदा मामला कोलकाता का है, जो 13 पॉइंट्स और +0.011 के कम नेट रन रेट (NRR) के साथ छठे नंबर पर है। केकेआर को शाम के मैच में अपने होम ग्राउंड इडेन गार्डन्स (कोलकाता) में दिल्ली कैपिटल्स को सिर्फ हराना ही नहीं होगा, बल्कि बहुत बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी।
अगर मुंबई, राजस्थान को हरा देती है, तो केकेआर के सामने दो रास्ते होंगे। अगर केकेआर पहले बैटिंग करते हुए 180 रन बनाती है, तो उसे दिल्ली को कम से कम 60-65 रनों से हराना होगा। वहीं, अगर केकेआर चेज कर रही है, तो उसे हर हाल में 12.5 ओवर या उससे पहले मैच जीतना होगा। अगर केकेआर ऐसा करने में फेल रहती है, तो वो प्लेऑफ से बाहर हो जाएगी।
Sports – Patrika | CMS






