RCB vs GT: आईपीएल 2026 के फाइनल में रॉयल चैलेंजर बेंगलुरु ने गुजरात टाइटंस को हराकर लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम किया। विराट कोहली की शानदार 75 रन की पारी ने आरसीबी की जीत में अहम भूमिका निभाई।
RCB vs GT IPL 2026 Final: आईपीएल 2026 के खिताबी मुकाबले में रॉयल चैलेंजर बेंगलुरु (Royal Challengers Bengaluru) ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम (Narendra Modi Stadium) में गुजरात टाइटंस को हराकर लगातार दूसरी बार ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया। आईपीएल इतिहास में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु तीसरी टीम बन गई, जिसने खिताब डिफेंड किया हो। यह कारनामा सबसे पहले चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) ने किया, उसके बाद मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) ने किया और अब रॉयल चैलेंजर बेंगलुरु के नाम भी यह उपलब्धि हो गई है। आईपीएल के इतिहास में 13वीं बार ऐसा हुआ है, जब क्वालीफायर वन जीतने वाली टीम ने खिताब जीता।
खिताबी मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट गंवाकर 155 रन बनाए। जवाब में विराट कोहली की धमाकेदार 75 रनों की पारी की बदौलत रॉयल चैलेंजर बेंगलुरु ने 18 ओवर में ही 5 विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
GT के बल्लेबाज पूरी तरह फ्लॉप
इस मुकाबले में गुजरात टाइटंस से कई गलतियां हुईं, लेकिन सबसे बड़ी गलती रही उनके बल्लेबाजों का फ्लॉप होना। गुजरात टाइटंस के लिए सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले साइन सुदर्शन और शुभमन गिल सस्ते में ही पवेलियन लौट गए। इसके बाद जोस बटलर पर जिम्मेदारी थी, लेकिन वह भी 19 रन ही बना सके। राहुल तेवतिया और जैसन होल्डर भी कुछ खास नहीं कर सके। यही वजह रही कि 20 ओवर में गुजरात टाइटंस सिर्फ 155 का स्कोर ही खड़ा कर सकी थी।
हालांकि, 156 रन के लक्ष्य को भी डिफेंड करने के लिए गुजरात टाइटंस के गेंदबाजों ने कड़ी मेहनत की। राशिद खान ने अपने चार ओवर में 25 रन देकर दो विकेट चटकाए, लेकिन दूसरे छोर से किसी भी गेंदबाज का साथ नहीं मिला। मोहम्मद सिराज ने चार ओवर में 36 रन दिए, तो कगिसो रबाडा ने तीन ओवर में 44 रन लुटा दिए। यही वजह रही कि रॉयल चैलेंजर बेंगलुरु ने गुजरात टाइटंस के घर में घुसकर उनसे ट्रॉफी छीन ली।
रबाडा को मिला पर्पल कैप
विराट कोहली को शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया तो 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के साथ इमर्जिंग प्लेयर का खिताब भी मिला। आखिरी क्षण में पर्पल कैप की रेस में कगिसो रबाड आगे निकले और उन्होंने इस कैप पर कब्जा किया, तो पंजाब किंग्स की टीम को फेयरप्ले अवॉर्ड मिला।
Sports – Patrika | CMS









