बागपत में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की ईंधन खपत कम करने की अपील का असर अब सरकारी विभागों में भी दिखाई देने लगा है। इसी क्रम में रामकुमार कुंतल ने साइकिल से क्षेत्र का भ्रमण कर लोगों को ईंधन बचाने का संदेश दिया। इंस्पेक्टर रामकुमार कुंतल ने अपने क्षेत्र में साइकिल चलाकर आम लोगों को जागरूक किया। कहा कि डीजल-पेट्रोल की बढ़ती खपत को कम करने के लिए सभी को सहयोग करना चाहिए। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा ईंधन बचाने की अपील की गई है, जबकि मुख्यमंत्री ने ‘वर्क फ्रॉम होम’ और ऑनलाइन बैठकों जैसी व्यवस्थाओं को बढ़ावा देकर ईंधन संरक्षण पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि जब देश के प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ईंधन बचाने की बात कर रहे हैं, तो हम सभी की जिम्मेदारी बनती है कि इस दिशा में योगदान दें। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में देशहित में एकजुट होकर काम करने की जरूरत है। इंस्पेक्टर कुंतल ने बताया कि वह अपने स्टाफ को भी लगातार इस मुहिम के प्रति जागरूक कर रहे हैं। उनका उद्देश्य है कि अधिक से अधिक लोग साइकिल और अन्य वैकल्पिक साधनों का उपयोग कर ईंधन की खपत कम करें और पर्यावरण संरक्षण में योगदान दें।


