Women’s Asian Games 2026, INDW vs JAPW: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने वूमेंस एशियन गेम्स 2026 के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। गुरुवार को चौथे क्वार्टर फाइनल में उसने मेजबान जापान को 8 विकेट से हरा दिया। इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए जापान की महिला क्रिकेट टीम ने 57 रन बनाए और 58 रन के लक्ष्य को टीम इंडिया ने 30 गेंद में ही सिर्फ दो विकेट गंवाकर हासिल कर लिया। शेफाली वर्मा ने 15 गेंद में 40 रन की तूफानी पारी खेली, तो रिचा घोष 12 रन बनाकर नाबाद रहीं।
सेमीफाइनल में बांग्लादेश से टक्कर
अब टीम इंडिया का सामना सेमीफाइनल में बांग्लादेश से होगा, तो वहीं पहले सेमीफाइनल में पाकिस्तान और श्रीलंका की टीमें आमने-सामने होंगी। सेमीफाइनल जीतने वाली टीम गोल्ड मेडल मुकाबले में 22 सितंबर को मैदान पर उतरेंगी, तो इसी दिन सेमीफाइनल हारने वाली टीमें ब्रॉन्ज मेडल मुकाबले में आमने-सामने होंगी। आपको बता दें कि टीम इंडिया ने श्रीलंका को हराकर पिछले एशियन गेम्स वूमेंस क्रिकेट टूर्नामेंट का गोल्ड मेडल जीता था।
57 रन ही बना सकी मेजबान टीम
करोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय टीम ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। जापान की शुरुआत ठीक-ठाक रही और उसने 6 ओवर तक बिना कोई विकेट गंवाए 24 रन बना लिए थे। हालांकि, 7वें ओवर से विकेटों का पतझड़ शुरू हुआ और टीम 57 रन तक पहुंचते-पहुंचते ढेर हो गई। श्री चरणी ने चार ओवर में 10 रन देकर चार विकेट चटकाए, तो वहीं शेफाली वर्मा ने चार ओवर में 13 रन देकर दो विकेट लिए।
शेफाली ने बल्ले से मचाया धमाल
58 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। गुनालन कमलिनी को शेफाली वर्मा के साथ ओपनिंग में आजमाया गया लेकिन वह खाता भी नहीं खोल सकीं। इसके अलावा भारती फूलमाली 7 गेंदों का सामना करने के बाद सिर्फ 6 रन बना सकीं। टीम इंडिया की धाकड़ ओपनर शेफाली वर्मा ने 15 गेंदों में 6 चौके और 2 छक्कों की मदद से नाबाद 40 रन की पारी खेली, जिससे टीम इंडिया ने 5 ओवर में ही मुकाबला अपने नाम कर लिया। शेफाली के साथ रिचा घोष 12 रन बनाकर नाबाद रहीं। अब शनिवार को टीम इंडिया बांग्लादेश से भिड़ेगी।
वूमेंस एशियन गेम्स क्रिकेट टूर्नामेंट में 8 टीमें हिस्सी ले रही हैं, जिन्हें सीधे नॉकआउट मुकाबलों में जगह मिली है। भारत, पाकिस्तान और श्रीलंका ने अपने-अपने क्वार्टरफाइनल मुकाबले जीत लिए। जबकि बांग्लादेश और चीन का मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हो गया था और रैंकिंग के आधार पर बांग्लादेश को अगले राउंड में जगह मिल गई।




