जयपुर में मौसम का कहर:तेज आंधी-बारिश से फ्लाइट संचालन प्रभावित, सूरत से आने वाली इंडिगो फ्लाइट दिल्ली डायवर्ट

जयपुर में मौसम का कहर:तेज आंधी-बारिश से फ्लाइट संचालन प्रभावित, सूरत से आने वाली इंडिगो फ्लाइट दिल्ली डायवर्ट

राजधानी जयपुर में शनिवार शाम मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। तेज आंधी, बारिश और खराब विजिबिलिटी के कारण जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हवाई यातायात प्रभावित हो गया। खराब मौसम की वजह से कई विमानों की लैंडिंग में दिक्कतें आईं, जिससे यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। दरअसल, इंडिगो की सूरत से जयपुर आने वाली फ्लाइट 6E-6852 और लखनऊ से जयपुर पहुंचने वाली फ्लाइट 6E-7027 निर्धारित समय पर जयपुर एयरपोर्ट पर लैंड नहीं कर सकीं। दोनों विमान लंबे समय तक जयपुर के आसमान में चक्कर लगाते रहे और मौसम साफ होने का इंतजार करते रहे। हालांकि मौसम में सुधार नहीं होने और सुरक्षित लैंडिंग की परिस्थितियां नहीं बनने के कारण सूरत से जयपुर आ रही इंडिगो फ्लाइट 6E-6852 को आखिरकार दिल्ली एयरपोर्ट के लिए डायवर्ट कर दिया गया। विमान को जयपुर में उतारने की बजाय दिल्ली भेजा गया। ताकि पैसेंजर्स की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। वहीं लखनऊ से जयपुर आ रही इंडिगो फ्लाइट 6E-7027 भी काफी देर तक होल्ड पर रही और एयर ट्रैफिक कंट्रोल की ओर से मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी गई। एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार खराब मौसम के कारण उड़ानों के संचालन पर लगातार असर पड़ रहा है और मौसम सामान्य होने के बाद ही नियमित लैंडिंग और टेकऑफ संभव हो पाएंगे। मौसम विभाग के अनुसार जयपुर और आसपास के क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर जारी है। अचानक बदले मौसम ने न केवल सड़क यातायात बल्कि हवाई सेवाओं को भी प्रभावित किया है। तेज हवाओं और कम दृश्यता के कारण पायलटों को लैंडिंग में अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ रही है। जयपुर एयरपोर्ट पर मौसम की स्थिति को देखते हुए एयर ट्रैफिक कंट्रोल, एयरलाइन कंपनियां और एयरपोर्ट प्रबंधन लगातार समन्वय बनाए हुए हैं। पैसेंजर्स को भी सलाह दी गई है कि वे अपनी उड़ान की ताजा स्थिति जानने के लिए एयरलाइन से संपर्क में रहें, क्योंकि मौसम के कारण उड़ानों के समय में बदलाव या डायवर्जन की संभावना बनी हुई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *