पहलगाम आतंकी हमले (Pahalgam Terrorist Attack) की बरसी पर भारत (India), अमेरिका (United States of America) के वाशिंगटन (Washington) में ‘आतंकवाद की मानवीय कीमत’ विषय पर प्रदर्शनी का आयोजन कर पाकिस्तान (Pakistan) से पनप रहे आतंकवाद को उजागर करेगा। सूत्रों के मुताबिक पिछले साल 22 अप्रैल को हुए पहलगाम आतंकी हमले की पहली बरसी के मौके पर आयोजित होने वाली यह प्रदर्शनी अगले हफ्ते से शुरू होगी।
भारत की पहल दुनिया को पाकिस्तान की सच्चाई दिलाएगी याद
पाकिस्तान, ईरान-अमेरिका इज़रायल (Iran-US Israel War) युद्ध में जहाँ खुद को शांतिदूत बता रहा है, वहीं भारत की यह पहल दुनिया को याद दिलाएगी कि पाकिस्तान से किस तरह आतंकवाद पनप रहा है और कैसे इसने बार-बार मानवीय त्रासदियों को जन्म दिया है। सूत्रों के अनुसार कैपिटल हिल के पास सार्वजनिक स्थान पर अगले हफ्ते से शुरू होने वाली इस प्रदर्शनी के केन्द्र में 22 अप्रैल 2025 को हुए पहलगाम आतंकी जान गंवाने वाले 26 लोग होंगे। इनमें 25 भारतीय नागरिक और एक नेपाली नागरिक शामिल थे। प्रदर्शनी में इस जघन्य हमले को अंजाम देने वालों के बारे में भी बताया जाएगा।
आतंकवाद में पाकिस्तान की भूमिका
इस प्रदर्शनी के पीछे भारत का उद्देश्य दुनिया को यह याद दिलाना है कि आतंकवाद को भड़काने और फैलाने में पाकिस्तान की क्या भूमिका रही है और कैसे पूरी दुनिया को ऐसी आतंकी गतिविधियों का नुकसान उठाना पड़ा है। इस प्रदर्शनी में पहलगाम आतंकी हमले के साथ ही पाकिस्तान से संचालित होने वाले आतंकवाद के ज़रिए भारत पर हुए अन्य आतंकी हमलों को भी शामिल किया जाएगा।
आतंकवाद का हॉटस्पॉट रहा है पाकिस्तान
पाकिस्तान लंबे समय से आतंकवाद का हॉटस्पॉट रहा है। आतंकवाद को फलने-फूलने में पाकिस्तान ने हमेशा ही मदद की है। इसी वजह से आतंकियों के लिए पाकिस्तान को स्वर्ग माना जाता रहा है। दुनियाभर के आतंकियों को पाकिस्तान में शरण दी जाती रही है। हालांकि अब हालात कुछ हद तक बदल गए हैं। अभी भी आतंकियों के लिए पाकिस्तान हॉटस्पॉट है, लेकिन अब पाकिस्तान खुद भी आतंकवाद के दलदल में धंस चुका है। पिछले कुछ सालों में पाकिस्तान में आतंकी हमलों के मामले तेज़ी से बढ़े हैं। आए दिन ही पाकिस्तान में जगह-जगह आतंकी हमलों के मामले देखने को मिलते हैं।


