इटावा जिले के बलरई थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। गांव की एक महिला ने अपने रिश्ते के भतीजे पर घर में घुसकर जबरदस्ती करने का आरोप लगाया है। घटना उस समय हुई जब महिला अपने दो छोटे बच्चों के साथ घर में अकेली थी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना से इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में देर रात हुई एक सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके को हिला दिया। बलरई थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली 28 वर्षीय महिला ने गांव के ही युवक मिथुन कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला के मुताबिक, उसका पति गुजरात में रहकर काम करता है। घटना के समय वह अपने दो मासूम बच्चों के साथ घर में अकेली थी। बताया जा रहा है कि आधी रात के दौरान आरोपी युवक घर की दीवार फांदकर अंदर घुस आया। महिला ने विरोध किया। लेकिन आरोपी ने उसे धमकाकर जबरदस्ती की। महिला ने किसी तरह खुद और बच्चों को संभाला और तुरंत पुलिस को सूचना दी। घटना के बाद पीड़िता काफी सदमे में बताई जा रही है।
घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई घटना
सबसे अहम बात यह है कि घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई। पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की।
महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज
पीड़िता की तहरीर पर बलरई थाना पुलिस ने आरोपी मिथुन कुमार के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। स्थानीय लोग भी इस वारदात को लेकर हैरानी जता रहे हैं। पुलिस प्रशासन ने पीड़िता को सुरक्षा का भरोसा दिया है। और मामले में निष्पक्ष जांच की बात कही है।


