सिंगरौली जिले के माड़ा थाना क्षेत्र के नौढिया कुल्हूई गांव में बुधवार दोपहर करीब 2 बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली के विवाद को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला किया। इस घटना में दोनों पक्षों के कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी वीरेंद्र पाल ने साहू परिवार से एक ट्रैक्टर-ट्रॉली किराए पर ली थी। कुछ समय बाद, लकड़ी चोरी के एक मामले में वन विभाग ने ट्रॉली जब्त कर ली। इसके बाद से साहू परिवार लगातार अपनी ट्रॉली या उसके एवज में पैसे की मांग कर रहा था। बताया गया है कि इस विवाद के बाद वीरेंद्र पाल मजदूरी के लिए प्रदेश से बाहर चला गया था और दो दिन पहले ही गांव लौटा था। बुधवार को साहू परिवार के सदस्य वीरेंद्र पाल के घर पहुंचे और ट्रॉली व पैसे की मांग करने लगे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई। इस मारपीट में एक पक्ष से वीरेंद्र पाल, उनकी पत्नी अंकिता पाल, बेटी रेनू पाल और प्रियंका पाल घायल हो गए। साहू परिवार के भी तीन लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही माड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। थाना प्रभारी ने बताया कि करीब एक माह पहले साहू परिवार ने ट्रैक्टर-ट्रॉली गुम होने की शिकायत दर्ज कराई थी, जिस पर समझौता भी हुआ था। बुधवार को यह विवाद फिर से ट्रॉली को लेकर हुआ है। पुलिस ने प्राथमिक रूप से मामला दर्ज कर लिया है। एक घायल के सिर में गंभीर चोट आई है, और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद संबंधित धाराएं बढ़ाई जा सकती हैं। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है।


