गुरुग्राम जिले में फर्रुखनगर क्षेत्र के फाजिलपुर मोड़ पर एक व्यक्ति की हत्या के मामले में पुलिस ने दो नाबालिग आरोपियों को अभिरक्षा में लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मामूली कहासुनी के बाद आरोपियों ने ईंट-पत्थरों से हमला कर व्यक्ति की हत्या कर दी थी। पुलिस को कल (26 अप्रैल) की सुबह सूचना मिली थी कि फाजिलपुर मोड़ पर एक व्यक्ति का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सीन ऑफ क्राइम व फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की मदद से घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम और पहचान के लिए मोर्च्युरी भेजा गया। चौकीदार ने देखा खून से सना शव इस मामले में रात में चौकीदारी कर रहे व्यक्ति ने शिकायत में बताया कि 25 अप्रैल को देर रात करीब 1:30 बजे उसने एक व्यक्ति को दुकान के पास नशे की हालत में सोते हुए देखा था। बाद में करीब 3:30 बजे जब वह दोबारा मौके पर पहुंचा, तो वही व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा था। उसके सिर से खून बह रहा था और पास में खून से सने पत्थर व टाइल पड़ी थीं। सीसीटीवी के आधार पर 2 नाबालिग हिरासत में शिकायत के आधार पर थाना फर्रुखनगर थाने में केस दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए दो नाबालिग आरोपियों की पहचान कर उन्हें अभिरक्षा में ले लिया। दोनों की मृतक से हुई थी बहस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सिगरेट लेने फाजिलपुर मोड़ पहुंचे थे, जहां उनकी मुलाकात शराब के नशे में धुत एक व्यक्ति से हुई। आरोप है कि उस व्यक्ति ने नशे की हालत में दोनों को गाली दी, जिससे विवाद बढ़ गया। तैश में आकर आरोपियों ने ईंट और पत्थरों से उसके सिर और शरीर पर वार कर हत्या कर दी। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही फिलहाल, पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है और जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले के अन्य पहलुओं का भी खुलासा किया जाएगा।


