नरसिंहपुर जिले के बचई स्थित महाकौशल शुगर मिल के इथेनॉल प्लांट में दो मजदूरों की मौत के बाद जांच तेज हो गई थी। गोटेगांव एसडीओपी मनीष त्रिपाठी ने बताया कि प्रारंभिक जांच और मृतक मजदूरों के परिजनों की शिकायत के आधार पर बुधवार को प्लांट के तीन अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इनमें सायलो अधिकारी शिखर वर्मा, मैकेनिकल इंचार्ज शशिकांत और शिफ्ट हेड विजय मिश्रा शामिल हैं। दरअसल, सोमवार रात काम के दौरान प्लांट के विशाल डीडीएस टैंक के गिर गया था। हादसे में दोनों मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई थी। मृतकों की पहचान खापा शेढ़ निवासी जगदीश यादव और सिलवानी निवासी पवन ठाकुर के रूप में हुई थी। घटना के बाद प्लांट के संचालन और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे थे, जिसके बाद जांच शुरू की गई थी। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले नए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। औद्योगिक स्वास्थ्य और सुरक्षा विभाग के प्रभारी उपसंचालक हिमांशु सोलमन ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में प्लांट संचालन और सुरक्षा व्यवस्था में कई गंभीर खामियां पाई गई हैं। सोलमन के अनुसार, इतनी बड़ी दुर्घटना सामान्य परिस्थितियों में संभव नहीं है और इसमें तकनीकी स्तर पर बड़ी चूक की आशंका है। प्रभारी बोले-जांच रिपोर्ट विभाग को भेजी जाएगी प्रभारी उपसंचालक ने यह भी स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट तैयार कर ली गई है, लेकिन यह गोपनीय है और इसके निष्कर्षों को सार्वजनिक नहीं किया जा सकता। यह रिपोर्ट शासन और संबंधित विभागों को भेजी जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी। इस घटना ने औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों के पालन पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ये खबर भी पढ़े… इथेनॉल प्लांट में टैंक गिरने से 2 मजदूरों की मौत: भाई बोला-एक महीने से मशीन में खराब नरसिंहपुर में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे इथेनॉल प्लांट में डीडीएस टैंक अचानक गिर गया। हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। मामला बचई स्थित महाकौशल शुगर मिल परिसर में हुई। टैंक के नीचे काम कर रहे दो मजदूर इसकी चपेट में आ गए और दब गए। पढ़े पूरी खबर…


