सीतापुर में गुरुवार देर रात तेज रफ्तार कार की टक्कर से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। युवक की पहचान लाल बाबू (35) के रूप में हुई। वह रेवती थाना रेवती, जनपद बलिया का रहने वाला था। मामला रामपुर मथुरा थाना के महमूदाबाद-रेउसा मार्ग का है। लालबाबू करीब 15 दिनों से अपने बहनोई राजेश पुत्र रामचतुर निवासी रंजीतपुर, थाना रामपुर मथुरा के यहां रह रहा था। गुरुवार शाम वह अपने बहनोई के साथ बाजार गया था, जहां किसी समय दोनों अलग हो गए। देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसी दौरान पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में रात करीब 4:18 बजे युवक सड़क के बीच टहलता नजर आ रहा है। तभी घोड़ेचा की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार फोर व्हीलर कार उसे टक्कर मारते हुए फरार हो जाती है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि युवक शराब के नशे में था और सड़क के बीच आ-जा रहा था, जबकि उस समय मार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन जारी था। हादसे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया। चौकी चांदपुर प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की हर पहलू से जांच जारी है।


