शाजापुर में नाले में तब्दील चिलर नदी किनारे किया पूजन:सांसद बोले- केवल सरकार नहीं, समाज भी आगे आए; सफाई का दिलाया संकल्प

शाजापुर में नाले में तब्दील चिलर नदी किनारे किया पूजन:सांसद बोले- केवल सरकार नहीं, समाज भी आगे आए; सफाई का दिलाया संकल्प

गंगा दशमी के अवसर पर सोमवार सुबह शाजापुर में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत चिलर नदी किनारे कार्यक्रम आयोजित किया गया। सोमवार सुबह करीब 11 बजे हाट मैदान स्थित गरासिया घाट पर इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रहे राजगढ़ सांसद रोडमल नागर पूजा-अर्चना कर जल संरक्षण और नदी स्वच्छता का संदेश दिया। हालांकि कार्यक्रम के दौरान सबसे ज्यादा चर्चा उस चिलर नदी की स्थिति को लेकर रही, जो कभी शहर की जीवनदायिनी मानी जाती थी, लेकिन अब नाले में तब्दील हो चुकी है। नदी में शहर के एक दर्जन से अधिक नालों का गंदा पानी मिल रहा है। नदी की बदहाल स्थिति देखकर स्वयं सांसद भी अचंभित नजर आए। पूजा के बाद उन्होंने मौजूद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को नदी की सफाई और संरक्षण का संकल्प भी दिलाया। लोगों को जागरूक होना होगा मीडिया से चर्चा करते हुए सांसद रोडमल नागर ने कहा कि गंगा दशहरा और अधिक मास के इस पावन अवसर पर जल संरक्षण, जल की शुद्धता और स्वच्छता को लेकर लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पानी बनाया नहीं जा सकता, लेकिन उसे बचाया जरूर जा सकता है। इसलिए जल को स्वच्छ बनाए रखना और उसके संरक्षण के लिए जनभागीदारी बेहद जरूरी है। नदी में फैली गंदगी पर सांसद ने कहा कि स्थिति देखकर उन्हें पीड़ा हुई है। उन्होंने कहा कि केवल पूजा करने से काम नहीं चलेगा, बल्कि समाज को भी आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि नदी में गंदगी हम ही डालते हैं, इसलिए सबसे पहले लोगों को इसमें कचरा और गंदा पानी डालना बंद करना होगा। उन्होंने कहा कि सरकार पैसा दे सकती है, लेकिन केवल पैसे से नदियां साफ नहीं होंगी, इसके लिए समाज की सहभागिता भी जरूरी है। इस कार्यक्रम के दौरान एक अन्य घटनाक्रम भी चर्चा में रहा। वार्ड क्रमांक 14 के भाजपा पार्षद विक्रम कुशवाहा और नगर पालिका सीएमओ भूपेंद्र कुमार दीक्षित के बीच पानी के टैंकर को लेकर कहासुनी हो गई। वहीं, पूजा-पाठ की जिम्मेदारी वार्ड क्रमांक 21 के भाजपा पार्षद लोकेंद्र शर्मा ने संभाली।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *