अयोध्या में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के निर्माण खंड-चार में बड़ा घोटाला सामने आया है। यहां बंधक रखी गई करीब 17 लाख रुपए की धरोहर राशि जालसाजी के जरिए निकाल ली गई। मामले में कोतवाली नगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दो एफडीआर थीं बंधक, दोनों ही कर ली कैश
कैशियर संतोष कुमार की तहरीर के अनुसार, मेसर्स मीरा एसोसिएट बिल्डर्स एंड ट्रेडर्स, मजनावां ने सड़क निर्माण कार्य के लिए 11.84 लाख और 5.92 लाख रुपए की दो एफडीआर जमा की थीं। ये अधीक्षण अभियंता, अयोध्या-अंबेडकरनगर वृत्त के नाम बंधक थीं। 20 फरवरी को ले गया एफडीआर, फिर खेल कर गया
आरोप है कि 20 फरवरी को करुणाकर पाण्डेय उर्फ बब्बू पाण्डेय निवासी कुडौली, मजनांवा दोनों एफडीआर अपने साथ ले गया। इसके बाद अधिशासी अभियंता की फर्जी मोहर, हस्ताक्षर और पत्रांक बनाकर बैंक से पूरी रकम निकलवा ली। धोखाधड़ी का केस, दस्तावेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। अब बैंक रिकॉर्ड और विभागीय दस्तावेजों की जांच की जा रही है, ताकि फर्जीवाड़े की पूरी कड़ी सामने आ सके।


