पानीपत शहर के पुराना औद्योगिक थाना क्षेत्र के अंतर्गत असंध रोड पर ठगी का एक मामला सामने आया है। यहां तीन अज्ञात शातिर ठगों ने एक महिला को अपने जाल में फंसाकर कथित तौर पर सम्मोहित (हिप्नोटाइज) कर लिया। ठग महिला को अपनी बातों में रिझाकर सरेराह उसके दोनों कानों की सोने की बालियां उतरवाकर रफूचक्कर हो गए। होश में आने पर जब महिला को ठगी का अहसास हुआ, तो उसने तुरंत परिजनों को सूचित किया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अस्पताल से दवा लेकर लौट रही थी महिला बसंत नगर, कच्चा कैंप की रहने वाली पीड़िता नीता ने थाना पुराना औद्योगिक पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि वह मंगलवार को दोपहर के समय अपने घर से सरकारी अस्पताल में दवाई लेने के लिए गई थी। अस्पताल से डॉक्टर को दिखाने और दवा लेने के बाद वह वापस अपने घर लौट रही थी। वाय सोरा होटल के पास रोका, बातों में किया सम्मोहित नीता के अनुसार, जब वह असंध रोड पर रामलाल चौक के नजदीक स्थित एक मेडिकल स्टोर से कुछ और दवाइयां लेने के लिए जा रही थी, तभी रास्ते में वाय सोरा होटल के पास तीन अज्ञात लड़के खड़े थे। उन तीनों लड़कों ने महिला को रास्ते में रोक लिया और उससे बातचीत शुरू कर दी। पीड़िता का आरोप है कि उन शातिर ठगों ने अपनी बातों के जरिए उस पर कुछ ऐसा जादू या सम्मोहन कर दिया कि वह अपनी सुध-बुध खो बैठी। बातों में रिझाकर उतरवा लीं कानों की बालियां ठगों ने महिला को अपनी चिकनी-चुपड़ी बातों में पूरी तरह रिझा लिया और देखते ही देखते उसके दोनों कानों में पहनी हुई सोने की बालियां उतरवा लीं। बालियां हाथ में आते ही तीनों ठग बड़ी चालाकी से मौके से फरार हो गए। ठगों के जाने के कुछ देर बाद जब महिला का सम्मोहन टूटा और वह सामान्य स्थिति में आई, तो उसे अपने कानों से बालियां गायब होने और ठगी का शिकार होने का पता चला।


