नूंह जिले के सद्दीक नगर क्षेत्र में चोरों ने एक बंद मकान से लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण और कैश चोरी कर फरार हो गए। इस वारदात का खुलासा तब हुआ जब मकान मालिक रात को घर लौटा और मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ पाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सद्दीक नगर निवासी राशिद पुत्र शेर मोहम्मद ने शहर थाना पुलिस को शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि उनका मकान दिल्ली-अलवर रोड स्थित हाजी अलाउद्दीन मस्जिद के पास है। 1 जून को उनकी पत्नी अपने मायके गांव कंवरसीका गई हुई थीं, जिसके कारण घर बंद था। दिन के समय मकान खाली होने का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने इस घटना को अंजाम दिया। 11 तोले सोना और 20 तोले चांदी ले गए चोर राशिद ने अपनी शिकायत में बताया कि रात करीब 11 बजे जब वह घर पहुंचे तो मकान का मुख्य गेट खुला हुआ मिला। अंदर जाकर देखने पर कमरों का सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी और अन्य स्थानों की जांच करने पर पता चला कि घर में रखे कीमती जेवरात और नकदी गायब हैं। चोरों ने करीब 11 तोला सोना चुराया, जिसमें 5 तोला सोने की हंसली, 2 तोला सोने की चूड़ी, 2 तोला गुलीबंद और 2 तोला सोने की चेन शामिल है। इसके अलावा, 200 ग्राम चांदी की पाजेब और 31 हजार रुपए भी चोरी कर लिए गए। मामले की जांच कर रही पुलिस घटना की सूचना तुरंत पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पीड़ित राशिद ने शहर थाना पुलिस से चोरी का मामला दर्ज करने और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। शहर थाना नूंह प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।


