मुजफ्फरनगर के तितावी थाना क्षेत्र के ढिंढावली गांव में मारपीट और छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि मामूली विवाद के बाद कुछ लोगों ने घर में घुसकर एक परिवार के साथ मारपीट की और महिलाओं से बदसलूकी की। पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दी शिकायत में बताया कि पति की उनकी आंख का ऑपरेशन हुआ है। 30 अप्रैल की रात करीब 9 बजे उनके पति घर के बाहर चारपाई पर बैठे थे। तभी गांव का अक्षय पुत्र इंद्रपाल ट्रैक्टर लेकर वहां पहुंचा और चारपाई हटाने को कहा। आरोप है कि अक्षय ने गाली-गलौज करते हुए चारपाई पलट दी और मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर जब पत्नी और बेटियां बाहर आईं और बीच-बचाव किया, तो आरोपी वहां से चला गया। कुछ देर बाद अक्षय कई अन्य लोगों को साथ लेकर दोबारा लौटा। आरोप है कि सागर, राहुल, रोहित, सुधांशु, हिमांशु सहित अन्य लोग लाठी-डंडों और लोहे की रॉड लेकर उनके घर में घुस आए। आरोपियों ने पूरे परिवार के साथ मारपीट की। इस दौरान बेटियों के साथ छेड़छाड़ की गई और उनके कपड़े फाड़ दिए गए। पीड़िता के अनुसार, आरोपियों ने उनके पति पर ट्रैक्टर के लोहे से जानलेवा हमला करने की कोशिश भी की, जिससे उनकी ऑपरेशन वाली आंख में दोबारा समस्या उत्पन्न हो गई। पीड़ित पर ही पुलिस ने की कार्रवाई पीड़िता का आरोप है कि जब वह तहरीर लेकर थाने पहुंची तो पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उनके पति कबीर और एक अन्य व्यक्ति का ही चालान कर दिया। आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। इस मामले में मंगलवार को पीड़ित परिवार के समर्थन में दर्जनों महिला-पुरुष एसएसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। पीड़ित पक्ष ने बताया कि आरोपियों द्वारा लगातार जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं, जिससे पूरा परिवार दहशत में है।


