मंडी जिले में पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि जो सरकार खुद कोई योजना प्रभावी ढंग से नहीं चला सकती, उसे दूसरों की जनहितकारी योजनाएं बंद करने में ही रुचि है। ठाकुर ने विशेष रूप से हिम केयर योजना को साजिश के तहत बंद करने की कोशिश का आरोप लगाया और कहा कि इसके लिए लगातार भ्रामक बयानबाजी की जा रही है। ठाकुर ने हिम केयर योजना में कथित घोटाले के आरोपों पर भी सवाल उठाए।
जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर हमला बोला ठाकुर ने बताया कि पहले सरकार ने 1100 करोड़ रुपए के घोटाले का दावा किया था, लेकिन तथ्यों के सामने आने पर मुख्यमंत्री को अपना बयान वापस लेना पड़ा। अब आईजीएमसी में 110 से 120 करोड़ रुपए के घोटाले की बात कही जा रही है।
सरकार से घोटाले को लेकर पूछे सवाल जयराम ठाकुर ने कहा कि वर्ष 2019 से 2022 के बीच हिम केयर के तहत आईजीएमसी को लगभग 60 करोड़ रुपए का ही भुगतान हुआ था। ऐसे में उन्होंने सवाल किया कि 110 से 120 करोड़ रुपए के घोटाले के ये आंकड़े कहां से लाए जा रहे हैं, यह स्पष्ट नहीं है।
सरकार द्वारा शुरू की गई योजनाओं के बंद करने का लगाया आरोप पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार पूर्व भाजपा सरकार द्वारा शुरू की गई योजनाओं और खोले गए संस्थानों को बंद करने में लगी है। उन्होंने दावा किया कि पिछले छह महीनों में 2000 से अधिक संस्थान बंद कर दिए गए हैं। अब सहारा योजना और हिम केयर जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं को भी निशाना बनाया जा रहा है। मृत घोषित कर लोगों की पेंशन रोकी जा रही ठाकुर ने यह भी चिंता व्यक्त की कि पात्र लोगों को मृत घोषित कर उनकी पेंशन रोकी जा रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री और उनके सलाहकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके झूठ समय के साथ बेनकाब हो रहे हैं। कांग्रेस पूर्व सरकार की योजनाओं को कर रही याद जयराम ठाकुर ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं को केवल इसलिए बंद नहीं किया जा सकता क्योंकि सरकार उनसे बेहतर कोई विकल्प प्रदान नहीं कर पा रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता आज भी पूर्व सरकार की योजनाओं को याद कर रही है। आंदोलन की चेतावनी इसके बाद, सराज विधानसभा क्षेत्र के बालीचौकी में एक विरोध प्रदर्शन और जनसभा का आयोजन किया गया। इसमें जयराम ठाकुर ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होंने घोषणा की कि भाजपा अब चुप नहीं बैठेगी और गांव-गांव जाकर जनता को सरकार की नीतियों से अवगत कराएगी।


