लखनऊ के कृष्णानगर इलाके में जालसाजों ने बैंक अधिकारी बनकर एक व्यक्ति को फोन किया और एसबीआई क्रेडिट कार्ड की इंटरनेशनल सर्विस बंद कराने का झांसा देकर करीब 2.30 लाख रुपए उड़ा लिए। पीड़ित ने साइबर सेल और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। बरिगवां एलडीए कॉलोनी निवासी रोहित कुमार वर्मा के मुताबिक, 6 मई 2026 की शाम 6:13 बजे उनके मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक अधिकारी बताते हुए कहा कि उनके एसबीआई क्रेडिट कार्ड में इंटरनेशनल ट्रांजैक्शन सुविधा चालू हो गई है, जिसका चार्ज लगेगा। आरोपी ने इसे डोमेस्टिक मोड में करने के लिए व्हाट्सऐप पर एक लिंक भेजा। पीड़ित का कहना है कि लिंक खोलते ही उनके अलग-अलग बैंक कार्डों से लगातार रकम कटने लगी। एसबीआई क्रेडिट कार्ड से 1,80,638 रुपए, आईडीएफसी फर्स्ट बैंक कार्ड से 20,084 रुपए और कोटक महिंद्रा बैंक कार्ड से 29,900 रुपए निकाल लिए गए। कुल ठगी की रकम 2,30,623 रुपए बताई गई है। घटना का पता चलते ही रोहित ने संबंधित बैंकों के कस्टमर केयर पर कॉल कर कार्ड ब्लॉक कराए। इसके बाद साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराते हुए कृष्णानगर थाने में तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


