ललितपुर में गुरुवार देर शाम आई तेज आंधी और बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। आंधी के कारण जहां एक शादी समारोह का पंडाल उड़ गया, वहीं ललितपुर-महरौनी मार्ग पर महुआ का विशाल पेड़ गिरने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। जानकारी के अनुसार, शाम करीब 7:30 बजे रोड़ा गांव में तेज आंधी के बीच एक शादी समारोह में लगा पंडाल हवा में उड़ गया। पंडाल के पाइप लोगों ने किसी तरह पकड़े रखे, जबकि कुर्सियां इधर-उधर बिखर गईं। इस दौरान अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसी दौरान रात करीब 8 बजे ग्राम छपरट के पास एक पेट्रोल पंप के निकट तेज आंधी के चलते महुआ का बड़ा पेड़ उखड़कर सड़क पर गिर गया। इससे ललितपुर-महरौनी मार्ग पूरी तरह बंद हो गया और दोनों ओर करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया। जाम में बारात लेकर जा रही एक बस भी फंस गई, जिससे लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। पेड़ गिरने की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन रात 11 बजे तक भी पेड़ को हटाया नहीं जा सका था। इसके चलते मार्ग लंबे समय तक बाधित रहा और वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं।


