नजीराबाद थाना क्षेत्र के सरोजनी नगर इलाके में ट्रांसफार्मर में अचानक आग लगने से दो दुकानें जल गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन दुकानदारों को लाखों रुपये के नुकसान का सामना करना पड़ा है। स्थानीय लोगों के अनुसार रविवार को सरोजनी नगर क्षेत्र में लगे ट्रांसफार्मर से अचानक तेज आवाज आई। इसके बाद उसमें आग लग गई। कुछ ही देर में आग की लपटें तेज हो गईं और पास की दो दुकानों तक पहुंच गईं। देखते ही देखते दोनों दुकानों में आग फैल गई और वहां रखा सामान जलने लगा। मुकुल सैनी बताते है, यहां सरोजनी नगर में पोल और तार जर्जर है। इसके लिए हमने कई बार MD केस्को को शिकायती पत्र दिया था, दोबारा में सांसद जी के जरिए पत्र दिलवाया था। एक से डेढ़ महीने हो गए है, अभी तक विभाग का कोई भी अधिकारी पूछने तक नहीं आया है। जिसकी कारण आज यहां बड़ी घटना होने से बच गई है। जिसके कारण आज कई दुकाने जल गई है। पहले तारों में शॉर्ट सर्किट हुआ उसके बाद होटल और कबाड़ी की दुकान में आग लग गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग लगातार बढ़ती रही। इसके बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने से दुकानों में रखा सामान, फर्नीचर और अन्य सामग्री जलकर नष्ट हो गई। दुकानदारों का कहना है कि हादसे में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। आग की वजह से कुछ देर के लिए इलाके में बिजली आपूर्ति भी बाधित रही। गनीमत रही कि घटना के समय दुकानों के आसपास ज्यादा भीड़ नहीं थी और समय रहते लोग सुरक्षित स्थानों पर पहुंच गए। इससे किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रांसफार्मर से पहले चिंगारी निकली थी, जिसके बाद आग भड़क गई।


