कानपुर के यशोदा नगर बाईपास पर दबंगों ने बाइक की मामूली सी टक्कर के बाद शुरू हुए विवाद में पिता और उनके दो बेटों पर चाकू से हमला कर दिया। इसमें पिता-पुत्र की मौत हो गई, जबकि एक बेटे की हालत गंभीर बनी हुई है। मौके पर मौजूद भीड़ ने एक हत्यारोपी को दबोचकर पीटा और पुलिस के हवाले कर दिया। जबकि दो आरोपी मौके से भाग निकले। नौबस्ता यशोदा नगर बाईपास पर वृंदावन गेस्ट हाउस के सामने रविवार रात को बाइक सवार तीन लोगों की दूसरी बाइक से टक्कर हो गई। टक्कर के चलते दोनों बाइक सवारों के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। इस दौरान बाइक सवार और उनके दो बेटों को दबंगों ने बाइक हेलमेट और लात-घूसों से जमकर पीटा। इसके बाद चाकू से हमला कर दिया। दबंगों ने पिता और उनके दोनों बेटों को इस कदर चाकू से गोदा कि गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। चीख-पुकार सुन वहां मौजूद लोग बचाने दौड़े दबंगों ने उनसे भी अभद्रता शुरू कर दी, लेकिन चाकू से गोदने के बाद आक्रोशित भीड़ ने एक को दबोच लिया, जबकि अन्य मौके से भाग निकले। भीड़ ने नौबस्ता पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों को हैलट लेकर पहुंची, जहां पर जांच के बाद डॉक्टरों ने पिता-पुत्र को मृत घोषित कर दिया। जबकि एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। पिता-पुत्र की पहचान चकेरी के कोयला नगर निवासी शिवम के रूप में हुई है। तीनों किदवई नगर स्थित कनक मार्बल में नौकरी करते थे। नौकरी के बाद तीनों घर जा रहे थे। इस दौरान यशोदा नगर बाईपास के पास मामूली बाइक की टकर लगने के बाद दबंगों ने दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया। तीसरे की भी हालत गंभीर बनी हुई है।


