कैथल के गांव बुढ़ा खेड़ा में एक महिला और तीन अन्य लोगों ने एक परिवार से तांत्रिक विद्या के बहाने एक करोड़ सात लाख रुपए ठग लिए। आरोपी महिला ने उनके परिवार पर ओपरा-पराया व जादू टोना होने का बहाना बनाया। बली देने के नाम पर काली माता मंदिर में ले जाकर परिवार के सदस्यों का खून चढ़वा दिया। महिला परिवार को यह कहकर डराती रही कि किसी को बताया कि पूरे परिवार का सर्वनाश कर देगी। जब और रुपए मांगने लगी तो परिवार के लोगों ने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के अधार पर महिला सहित उसके पति, बेटे व अन्य आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पिता रहता था बीमार गांव बुढ़ाखेड़ा निवासी अमनदीप, मनजीत व रणदीप ने सदर थाना में दी शिकायत में बताया कि उनके पिता स्वर्गीय सुखबीर सिंह लगातार 2-3 साल से सिर में दर्द व चक्कर आने से परेशान थे। उन पर कोई दवाई काम नहीं कर रही थी व उनके घर में और आपस में अनबन रहती थी। इसी दौरान किसी ने उनको बताया कि गांव निवासी सुमन झाड़ा व पूछा देने का काम करती है। कहा- काली माता के लिए बलि देनी पड़ेगी उसकी बातों पर विश्वास करके वे सुमन के पास चले गए। सुमन ने उनको बताया कि किसी ने आपके घर में बहुत ज्यादा ओपरा-पराया व जादू टोना करवा रखा है। इसके लिए तुम्हें काली माता के लिए बलि देनी पड़ेगी व बाबा भैरों नाथ का मंदिर बनवाना पड़ेगा। तुम्हे बार-बार मेरी चौकी पर आना पड़ेगा। वं बहुत ज्यादा तंग थे, इसलिए उन्होंने सुमन के कहने से अपनी जमीन बेचकर व बैंक की एफडी तुड़वाकर उसको लगभग 76 लाख रुपए नकद व लगभग 7 लाख रुपए ऑनलाईन ट्रांसफर कर दिए। चामुंडा देवी के मंदिर में चढ़वाया खून इसके लिए वह उनको चामुंडा देवी के धाम भी ले गई, जहां पर उसने सबका इंजेक्शन से खून निकाला और चामुंडा देवी के मंदिर में चढ़ा दिया। आरोपी सुमन ने कहा कि मंदिर के लिए जगह हमने तुम्हारे पैसों से खरीद ली है और अब जब भी मंदिर तैयार होगा तुम्हें उसके लिए सोने से बना छतर देना होगा। जब उन्होंने कहा अब हमारे पास कुछ नहीं बचा है और हमने आपको लगभग 80-90 लाख रुपए दे दिए हैं। अभी तक आपने न तो हमारा ओपरा-पराया दूर किया है और न ही मंदिर बनाया है, बल्कि आपने स्वयं जमीन खरीद ली है व नया ट्रैक्टर ले लिया है। आपने हमें गुमराह करके सम्मोहन विधि से हमसे 32 तोले चांदी व 6 तोले सोने के जेवरात व पैसे ले लिए हैं। 100-150 आदमियों का 3-4 करोड़ रुपए हड़प चुके ग्रामीणों ने बताया कि सुमन का पति बलराज, बेटा वंश और उचाना निवासी संजीव मिलकर दुख व दर्द से पीड़ित लोगों को ओपरा-पराया बताकर घर की काली माता, भैरों बाबा, सबल सिंह बावरी के नाम का हवाला देते हैं, जेवर चढवाते हैं और बलि के रुप में शरीर से खून निकालते हैं। जादू टोना को झाड फूंक से दूर करने और हरिद्वार, कुरुक्षेत्र, पटियाला, सफीदों, बागड़ आदि स्थानों पर ले जाकर तांत्रिक क्रिया करते हैं। आरोपियों ने लगभग 100-150 आदमियों का 3-4 करोड़ रुपए हड़प रखा है। सुमन तो सम्मोहन विधि से लूटने का काम करती है। शिकायतकर्ता ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। सदर थाना के जांच अधिकारी मनु ने बताया कि इस संबंध में पुलिस के पास शिकायत आई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के अधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।


