जबलपुर में भाजपा ने बंगाल जीत का जश्न सीमित रखा:क्रूज दुर्घटना के मृतकों को श्रद्धांजलि, झालमुड़ी बांटकर मनाई खुशी

जबलपुर में भाजपा ने बंगाल जीत का जश्न सीमित रखा:क्रूज दुर्घटना के मृतकों को श्रद्धांजलि, झालमुड़ी बांटकर मनाई खुशी

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत पर जबलपुर में पार्टी कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में जश्न मनाया। हालांकि, हाल ही में बरगी क्षेत्र में हुई क्रूज दुर्घटना के कारण जश्न को सीमित रखा गया। कार्यकर्ताओं ने मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। भाजपा के उत्तर मध्य क्षेत्र के विधायक अभिलाष पाण्डेय ने बताया कि इस बार जीत का जश्न मनाने के लिए न तो ढोल-नगाड़े बजाए गए, न गुलाल उड़ाया गया और न ही मिठाइयां बांटी गईं। इसके बजाय, कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से “झालमुड़ी” बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया। विधायक पाण्डेय ने स्वयं झालमुड़ी बनाकर कार्यकर्ताओं और आम लोगों को वितरित की। विधायक पाण्डेय ने कहा कि यह जीत आम जनता की है, जो लंबे समय से भ्रष्टाचार, महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार और कथित गुंडागर्दी से परेशान थी। नेताओं ने आरोप लगाया कि बंगाल में “कटमनी” जैसी प्रथाओं से जनता त्रस्त थी, जिसके कारण लोगों ने बदलाव के लिए मतदान किया। पार्टी नेताओं ने इस सफलता का श्रेय प्रधानमंत्री के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रणनीति को दिया। कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह जीत केवल बंगाल ही नहीं, बल्कि देशभर में विकास चाहने वाले हर नागरिक की जीत है। इसी संदेश के साथ उत्तर विधानसभा क्षेत्र में झालमुड़ी वितरित कर लोगों के बीच खुशी साझा की गई। विधायक अभिलाष पाण्डेय ने पश्चिम बंगाल और असम के चुनाव जीतने के बाद अपने उत्तर मध्य विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं के बीच जाकर यह अनूठी खुशी जाहिर की।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *