इंदौर में वर्क फ्रॉम होम जॉब का झांसा देकर ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने डेटा हैंडलिंग का काम दिलाने का लालच देकर एक युवक से 1.40 लाख रुपए ठग लिए। मामले में साइबर सेल में शिकायत के बाद भंवरकुआं पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। पुलिस के अनुसार, भंवरकुआं थाना क्षेत्र निवासी 23 वर्षीय अर्सीन शेख के मोबाइल पर शैलेन्द्र नाम के व्यक्ति का मैसेज आया। उसने घर बैठे डेटा हैंडलिंग का काम देने और हर महीने 30 से 40 हजार रुपए कमाने का लालच दिया। युवक ने भरोसा कर अपना बायोडाटा भेज दिया। नौकरी के नाम पर मांगे 2.50 लाख कुछ दिन बाद आरोपी ने मैसेज कर बताया कि उसका चयन हो गया है, लेकिन प्रोसेसिंग फीस के रूप में 2.50 लाख रुपए जमा करने होंगे। युवक द्वारा असमर्थता जताने पर आरोपी ने 1.40 लाख रुपए देने को कहा और शेष राशि खुद देने की बात कही। इसके बाद जनवरी 2025 में युवक ने फोनपे के जरिए 1.40 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए। रकम लेने के बाद आरोपी नौकरी देने के नाम पर टालमटोल करता रहा। उसने काम न आने का बहाना बनाया और बाद में पैसे वापस मांगने पर भी टालता रहा। कुछ समय बाद आरोपी ने अपना मोबाइल बंद कर लिया। इसके बाद पीड़ित ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई। जांच के बाद भंवरकुआं पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और मोबाइल नंबर व ट्रांजेक्शन डिटेल के आधार पर उसकी तलाश शुरू कर दी है।


