हाथरस में बीएसए ने एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को निलंबित कर दिया है। उस पर कनिष्ठ सहायक से मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। प्रभारी बीएसए शशिबाला ने मामले को गंभीर मानते हुए यह कार्रवाई की। जानकारी के मुताबिक, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी नरेंद्र कुमार सिंह ने एमडीएम कंप्यूटर ऑपरेटर सोनू शर्मा के फोन पर कॉल कर कनिष्ठ सहायक संदीप कुमार से बात कराने को कहा। आरोप है कि संदीप ने फोन नहीं उठाया, जिससे वह नाराज हो गया। कक्ष में पहुंचकर की गाली-गलौज बताया गया कि नरेंद्र कुमार सिंह, जो संविलियन विद्यालय नगला बिहारी सहपऊ से संबद्ध हैं, सीधे संदीप कुमार के कक्ष में पहुंच गए। वहां उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी और फोन न उठाने पर धमकाने लगे। आरोप है कि उन्होंने जान से मारने की धमकी देते हुए हाथापाई की कोशिश भी की। जूता और कुर्सी से हमला करने की कोशिश घटना के दौरान आरोपी ने अपना जूता उतारकर संदीप कुमार को मारने का प्रयास किया। इतना ही नहीं, कार्यालय में रखी कुर्सी उठाकर भी हमला करने की कोशिश की। शोर सुनकर अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे, जिससे मामला और बढ़ने से बच गया। अफसरों के खिलाफ भी अभद्र भाषा इस दौरान आरोपी ने बीएसए और बीईओ मुख्यालय के लिए भी अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। प्रभारी बीएसए शशिबाला ने घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपी चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी नरेंद्र कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।


