हरदोई में एक अधेड़ व्यक्ति का शव सड़क किनारे खाई में पड़ा मिला है। मृतक बाग की रखवाली करने के लिए घर से निकला था। उसके सिर और पेट पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। बेनीगंज कोतवाली के भैनगांव निवासी 58 वर्षीय दुलारे पुत्र हुलासी हत्याहरन में एक बाग की रखवाली करते थे। शनिवार शाम को वे रोज की तरह घर से निकले थे। रविवार सुबह उनका शव भैनगांव के रास्ते में पड़ने वाली खाई में पड़ा मिला। बेनीगंज के उल्जा गांव निवासी दुलारे के दामाद मनसुख ने बताया कि उनके ससुर के सिर के पीछे और पेट पर चोटें देखकर लगता है कि उनकी हत्या की गई है। हालांकि, पुलिस का प्रारंभिक कहना है कि अधेड़ नशे का आदी था और यह एक हादसा हो सकता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। उनका कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा और आगे की कार्रवाई की जाएगी। दुलारे के परिवार में उनकी पत्नी और चार विवाहित बेटे हैं, जिनमें से संजय और सीटू हैदराबाद में, जबकि मनोज और विनोद दिल्ली में नौकरी करते हैं।


