हरदा में करीब 15 नकाबपोशों ने नहर फोड़ी:मूंग की सिंचाई प्रभावित, सिंचाई विभाग ने मरम्मत शुरू की

हरदा में करीब 15 नकाबपोशों ने नहर फोड़ी:मूंग की सिंचाई प्रभावित, सिंचाई विभाग ने मरम्मत शुरू की

हरदा जिले के सिराली थाना क्षेत्र के ग्राम मोहनपुर के पास अज्ञात नकाबपोश लोगों ने बीती रात माचक नहर को तोड़ दिया। इस घटना से मूंग की फसल की सिंचाई प्रभावित हुई है, जिसके बाद सिंचाई विभाग ने नहर की मरम्मत का काम शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि यह घटना देर रात करीब 3 बजे हुई, जब 15 से अधिक नकाबपोश लोगों ने गेती और फावड़े का उपयोग कर मोहनपुर से गुजर रही नहर को माचक नदी की ओर से तोड़ दिया। इससे नहर का पानी नदी में बहने लगा। मौके से गेती का एक दस्ता, साथ ही शराब और पानी की खाली बोतलें भी मिली हैं। सूचना मिलने पर सिंचाई विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और मरम्मत कार्य शुरू करवाया। कार्यपालन यंत्री सोनम बाजपेई ने बताया कि अज्ञात लोगों द्वारा माचक नहर को तोड़ा गया है, जिसकी शिकायत थाने में दर्ज कराई जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि मिट्टी डालकर पानी को रोका जा रहा है और ओसराबंदी के कारण आज माचक नहर के पानी को पाइंट जीरो से रोक दिया गया है। माचक नहर से जुड़े किसानों ने चिंता व्यक्त की है कि नहर टूटने से उनके क्षेत्र में सिंचाई बुरी तरह प्रभावित होगी। भारतीय किसान संघ के जिला प्रवक्ता राजनारायण गौर ने बताया कि बढ़ते तापमान के कारण मूंग की फसल को अधिक पानी की आवश्यकता होती है। ओसराबंदी के चलते किसानों को 36 घंटे तक पानी नहीं मिल पाता है, और अब नहर के टूटने से मरम्मत होने तक लगभग 2500 एकड़ से अधिक क्षेत्र के किसानों की सिंचाई प्रभावित होगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *