ग्वालियर में लोन दिलाने का झांसा देकर ठगी:खेड़ापति मंदिर ले जाकर उतरवाए जेवर, बेटी के पास रखा पर्स छीना; आरोपी CCTV में कैद

ग्वालियर में लोन दिलाने का झांसा देकर ठगी:खेड़ापति मंदिर ले जाकर उतरवाए जेवर, बेटी के पास रखा पर्स छीना; आरोपी CCTV में कैद

ग्वालियर में एक प्राइवेट कंपनी में काम करने वाली महिला के साथ मंदिर परिसर में ठगी का अजीब मामला सामने आया है। लोन दिलाने का झांसा देकर आरोपी महिला उसे खेड़ापति मंदिर ले गई और चालाकी से उसके जेवरात लेकर फरार हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गोल पहाड़िया इलाके में रहने वाली 30 वर्षीय बबीता खटीक, एक प्राइवेट कंपनी में काम करती हैं। दो दिन पहले शाम को ड्यूटी से लौटते समय उन्होंने मोहल्ले में एक महिला को अन्य महिलाओं से बातचीत करते देखा। पूछने पर पता चला कि वह लोन दिलाने का काम करती है। बबीता ने भी लोन की इच्छा जताई तो आरोपी ने उसे तुरंत लोन के लिए योग्य बताते हुए प्रोसेस पूरी कराने के लिए साथ चलने को कहा। ई-रिक्शा से मंदिर ले जाकर जाल बिछाया आरोपी महिला बबीता और उसकी 10 वर्षीय बेटी को ई-रिक्शा से खेड़ापति मंदिर ले गई। मंदिर के बाहर पेड़ के नीचे बैठाकर बातचीत के दौरान उसने कहा कि इतने गहने पहनकर जाओगी तो लोन नहीं मिलेगा। इसके बाद उसने बबीता से सोने का मंगलसूत्र, बीजासेन हार, कानों के टॉप्स, एक अंगूठी (छल्ला), चांदी की पायजेब, दो चूड़ियां और 3 हजार रुपए उतरवाकर एक पर्स में रखवा दिए। यह पर्स उसकी बेटी को पकड़ा दिया गया। इसके बाद आरोपी महिला बबीता को मंदिर के अंदर ले गई। दर्शन के बाद उसे मंदिर के पीछे एक जगह बैठाकर कहा तुम्हारा नाम बुलाया जाएगा, तब अंदर आना। कुछ देर बाद जब नाम नहीं बुलाया गया तो बबीता को शक हुआ। वह बाहर आई तो उसकी बेटी अकेली खड़ी थी। बेटी ने बताया कि वही महिला पर्स लेकर चली गई। CCTV में कैद हुई आरोपी घटना के बाद बबीता खटीक ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने रविवार देर रात केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी महिला की तलाश जारी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज तलाशे। मंदिर परिसर में लगे CCTV कैमरों में आरोपी महिला फरियादी को अपने साथ ले जाती दिखाई दे रही है। पुलिस ने फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और तलाश शुरू कर दी है। साथ ही गोल पहाड़िया इलाके के अन्य CCTV भी खंगाले जा रहे हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *