गुरुग्राम के मानेसर थाना क्षेत्र में कासन खोह रोड पर स्थित एक निजी इमारत के बाथरूम से रविवार को 22 वर्षीय विवाहिता का शव बरामद हुआ है। मृतका की पहचान मधु के रूप में हुई है, जो पिछले 3 दिनों से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता थी। बंद बाथरूम से बदबू आने के बाद जब पड़ोसियों ने देखा, तो वहां मधु का बुरी तरह सड़ चुका शव पड़ा था। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मृतका मधु मूल रूप से रेवाड़ी जिले के हंसाका गांव की रहने वाली थी। करीब एक साल पहले ही उसकी शादी मानेसर निवासी अंकित भगत के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही वह अपने पति के साथ मानेसर में रह रही थी। परिजनों के अनुसार, 21 मई को वह अचानक लापता हो गई थी, जिसके बाद से उसकी तलाश की जा रही थी। हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
रविवार सुबह जैसे ही शव मिलने की सूचना मिली, मानेसर थाना पुलिस और फोरेंसिक (FSL) की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। शव की हालत बेहद खराब थी और वह काफी हद तक सड़-गल चुका था। प्राथमिक अंदेशे के अनुसार, महिला की हत्या कई दिन पहले कर दी गई थी और शव को छुपाने के उद्देश्य से बाथरूम में बंद कर दिया गया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शवगृह में भिजवा दिया है। पुलिस मृतका के पति और ससुराल पक्ष के लोगों से पूछताछ कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों और समय का खुलासा हो सकेगा। पुलिस मामले की हर पहलू से गहन जांच कर रही है। इस खबर को अपडेट किया जा रहा है…………


