फतेहाबाद जिले के भूना क्षेत्र के गांव ढाणी भोजराज में इंटरकास्ट लव मैरिज से जुड़ी पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच झड़प हो गई, जिसमें पांच लोग घायल हो गए। घायल हुए लोगों को इलाज के लिए भूना स्थित सीएचसी में दाखिल करवाया गया। घायलों में एक पक्ष के सुभाष चंद्र, अंकित कुमार, साहिल और राजेश कुमार शामिल हैं, जबकि दूसरे पक्ष से विकास कुमार को चोटें आई हैं। मामले के बाद भूना पुलिस भी गांव में पहुंची और पूरी जानकारी ली। ग्रामीणों ने आरोपी विकास व उसके साथियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए चेतावनी दी कि अगर जल्द उसे गिरफ्तार नहीं किया तो सिरसा-चंडीगढ़ स्टेट हाईवे जाम कर देंगे। इंटरकास्ट लव मैरिज से जुड़ा पुराना विवाद बना कारण जानकारी के अनुसार, एक पक्ष से आरोपी विकास कुमार गांव के सचिन का भाई है। एससी वर्ग से संबंध रखने वाले सचिन ने कुछ समय पहले सामान्य जाति की लड़की के साथ प्रेम विवाह किया था। इसके बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई थी। विकास का परिवार अब हिसार में रह रहा है। शुक्रवार को विकास गांव में आया हुआ था। इसी दौरान यह झड़प हो गई। वहीं, विकास कुमार का कहना है कि उसके भाई के अंतरजातीय विवाह के कारण उसे बेवजह विवाद में घसीटा जा रहा है और जान बूझकर निशाना बनाया जा रहा है। वह गांव में आया हुआ था कि नंबरदार परिवार ने बच्चों के जरिए गाली-गलौच करवाई। जब उसने रोकने की कोशिश की तो उसके साथ मारपीट की गई। दुकान में बैठे दुकानदार पर किया गया हमला वहीं, दूसरे पक्ष का कहना है कि बच्चों को लेकर विवाद था। दुकानदार राजेश कुमार दोनों पक्षों को छुड़ाने के लिए गया था। इसके बाद दुकान पर बैठे हुए राजेश कुमार पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया गया। बच्चों से भी मारपीट की गई। दुकानदार पर हमले का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। जिसमें एक युवक आकर दुकानदार राजेश पर कापे से हमला करता नजर आता है। दुकानदार डिब्बा उठाकर अपना बचाव करता है। डिब्बे का सामान दुकान में बिखर जाता है। पुलिस बोली-दोनों पक्षों की शिकायत पर कर रहे जांच भूना थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।


