देवरिया में बकरीद के दिन गुरुवार को दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष में छह लोग घायल हो गए। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह घटना तरकुलवा थाना क्षेत्र के जामुनी खास गांव में हुई। पुलिस के अनुसार, जामुनी खास गांव निवासी मुन्ना और रामाअशीष के परिवारों के बीच एक लड़की को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। गुरुवार सुबह इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पहले दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते लाठी-डंडे चलने में बदल गई। इस मारपीट से गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। संघर्ष में कुल छह लोग घायल हुए। मुन्ना और सुनील को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए देवरिया मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। बाद में बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर भेजा गया। अन्य घायलों का इलाज देवरिया मेडिकल कॉलेज में जारी है। घटना की सूचना मिलते ही तरकुलवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। गांव में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है। बकरीद जैसे पर्व के दिन हुई इस हिंसक घटना से इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है। पुलिस लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील कर रही है।


