बरेली में पुलिस पर चढ़ा दिया ओवरलोड ट्रक, बैरिकेड तोड़कर भागा चालक, कई पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे

बरेली में पुलिस पर चढ़ा दिया ओवरलोड ट्रक, बैरिकेड तोड़कर भागा चालक, कई पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे

बरेली। आंवला क्षेत्र में ओवरलोड डम्परों के खिलाफ चल रहे अभियान के दौरान शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक डम्पर चालक ने पुलिस और एआरटीओ प्रवर्तन टीम को खुलेआम चुनौती देते हुए वाहन चढ़ाने की कोशिश कर दी। चालक बैरिकेडिंग तोड़ते हुए कई किलोमीटर तक फरार रहा। इस दौरान सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और कई पुलिसकर्मी व राहगीर बाल-बाल बच गए। पुलिस ने पीछा कर डम्पर को कब्जे में ले लिया, जबकि चालक मौके से फरार हो गया।

जानकारी के मुताबिक आंवला क्षेत्र में यात्रीगण अधिकारी बरेली और एआरटीओ प्रवर्तन की संयुक्त टीम ओवरलोड डम्पर ट्रकों की चेकिंग कर रही थी। वजीरगंज क्षेत्र में अधिकारियों ने एक संदिग्ध ओवरलोड डम्पर को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय तेज रफ्तार में डम्पर दौड़ा दिया। टीम ने पीछा किया तो चालक ने पुलिस वाहन को साइड मारने का प्रयास कर दिया, जिससे मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए।

बैरिकेडिंग तोड़ी, पुलिसकर्मी जान बचाकर भागे

घटना की सूचना मिलते ही एआरटीओ प्रवर्तन हरिओम सिंह भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने कई स्थानों पर नाकाबंदी कर डम्पर को रोकने की योजना बनाई। रेहड़िया चौकी पुलिस ने सड़क पर बैरिकेडिंग लगाई, लेकिन चालक ने रफ्तार कम नहीं की। डम्पर ने बैरिकेडिंग में जोरदार टक्कर मार दी और उसे काफी दूर तक घसीटता हुआ निकल गया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और राहगीरों में चीख-पुकार मच गई। कई लोग किसी तरह सड़क किनारे हटकर अपनी जान बचा सके। बताया जा रहा है कि चालक डम्पर को कस्बा सैदपुर होते हुए वगरैन-करेगी मार्ग की ओर लेकर भागा। पुलिस ने दोनों तरफ से घेराबंदी की तो चालक मौका देखकर डम्पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने डम्पर को कब्जे में लेते हुए उसके हेल्पर को हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ कर फरार चालक की तलाश की जा रही है।

रास्ते में कई वाहनों को भी मारी टक्कर

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फरार चालक ने रास्ते में कई अन्य वाहनों को भी टक्कर मारने की कोशिश की। हालांकि राहत की बात यह रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना रहा। थाना प्रभारी सुरेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि डम्पर चालक फरार है और उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है। वहीं एआरटीओ प्रवर्तन हरिओम सिंह ने बताया कि घटना आंवला थाना क्षेत्र की है, इसलिए अग्रिम विधिक कार्रवाई आंवला थाने में की जाएगी। आवश्यक प्रपत्र तैयार कर संबंधित थाने को भेजे जा रहे हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *