बलौदाबाजार शहर के मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण को लेकर दो ठेला विक्रेताओं के बीच विवाद हो गया। यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में लाठी-डंडे से मारपीट शुरू हो गई। इस झड़प में एक व्यक्ति का सिर फट गया, जबकि कई लोगों के कपड़े फट गए। घटना के दौरान पूरे मुख्य बाजार में अफरातफरी मच गई। राहगीर और वाहन चालक लगभग आधे घंटे तक जाम में फंसे रहे। स्थानीय लोगों ने बताया कि जगह घेरने को लेकर दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए थे, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। अवैध कब्ज़ा के कारण यातायात बाधित सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को उनके ठेले सहित थाने ले जाकर मामला शांत कराया। उल्लेखनीय है कि बलौदाबाजार शहर में फुटपाथों और सड़क किनारे अवैध कब्जों के कारण यातायात व्यवस्था अक्सर बाधित रहती है। ठेले-पटरी वाले अक्सर मुख्य मार्ग पर दुकान लगाकर वाहनों की आवाजाही रोकते हैं, जिससे आए दिन जाम की स्थिति बनती है। जल्द हटाया जाएगा अतिक्रमण इस घटना के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। नगर पालिका और पुलिस प्रशासन ने शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए जल्द ही अतिक्रमण हटाने की तैयारी शुरू कर दी है।


