बहादुरगढ़ में ब्याज के पैसों को लेकर ऑटो चालक विशाल पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है। शहर थाना बहादुरगढ़ में पीड़ित की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार शनिवार देर रात सिविल अस्पताल बहादुरगढ़ से झगड़े में घायल विशाल पुत्र मनोहर, निवासी हाल गांव साखोल, के भर्ती होने की सूचना मिली थी। इसके बाद जांच अधिकारी अस्पताल पहुंचे और डॉक्टर से MLR प्राप्त की। मेडिकल रिपोर्ट में घायल के शरीर पर चोट दर्ज की गई है, जबकि डॉक्टर ने उपचार के दौरान अन्य चोटें जुड़ने की संभावना भी नोट की है। पीड़ित बयान देने के लिए मिला फिट डॉक्टर द्वारा विशाल को बयान देने के लिए फिट घोषित करने के बाद पुलिस ने उसका बयान दर्ज किया। शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने पाया कि मामला गंभीर मारपीट, धमकी और सामूहिक हमले का बनता है। इन धाराओं में केस दर्ज पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 115(2), 351(3), 126(2), 308(2), 308(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। ये धाराएं गंभीर चोट पहुंचाने, आपराधिक धमकी, जानलेवा हमले और सामूहिक अपराध से संबंधित हैं। रात 3:20 बजे दर्ज हुई FIR पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अभियोग नंबर 120 दिनांक 3 मई 2026 को रात 3:20 बजे थाना शहर बहादुरगढ़ में दर्ज किया गया। मामले की स्पेशल रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को ई-मेल के जरिए भेज दी गई है। जांच अधिकारी मौके पर जुटे मामले की आगामी जांच पुलिस ने शुरू कर दी है। जांच अधिकारी सिपाही अमनजीत और अन्य पुलिसकर्मी अस्पताल व घटनास्थल पर जांच में जुटे हैं। SHO को भी मौके पर पहुंचने की सूचना दी गई थी। गौरतलब है कि इससे पहले सामने आया था कि ऑटो चालक विशाल पर ब्याज के पैसों के विवाद में पहले सड़क पर हमला किया गया और फिर अस्पताल तक पीछा कर दोबारा मारपीट की गई। आरोप है कि इस दौरान एक हमलावर ने उसका कान तक काट लिया था। अब पुलिस FIR दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है। ऐसी बर्बरता की गई जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया सूदखोरी के कथित जाल में फंसे 25 वर्षीय ऑटो चालक विशाल कुमार के साथ ऐसी बर्बरता की गई जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। आरोप है कि पहले उसका रास्ता रोककर सड़क पर बेरहमी से मारपीट की गई और जब वह घायल हालत में इलाज के लिए अस्पताल पहुंचा तो आरोपी वहां भी पीछे-पीछे पहुंच गए। अस्पताल के बाहर फिर से हमला किया गया, जहां एक आरोपी ने विशाल का कान तक काट लिया। कुछ समय पहले निजी तौर पर उधार लिया था पीड़ित विशाल कुमार के अनुसार उसने कुछ समय पहले निजी तौर पर उधार लिया था। उसका दावा है कि वह मूल रकम से कहीं ज्यादा पैसा ब्याज सहित चुका चुका है, लेकिन इसके बावजूद आरोपी लगातार अतिरिक्त रकम की मांग कर रहे थे। विशाल का आरोप है कि पैसे नहीं देने पर उसे लगातार धमकियां दी जा रही थीं और मानसिक दबाव बनाया जा रहा था। रविवार को इसी विवाद के चलते आरोपियों ने विशाल का रास्ता रोक लिया और बीच सड़क पर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपियों ने उसे लात-घूंसों और थप्पड़ों से पीटा। घायल होने के बाद विशाल किसी तरह वहां से निकला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचा, लेकिन आरोपियों का गुस्सा यहीं नहीं थमा। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पीड़ित के साथ मारपीट होती दिखाई दे रही है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में भारी आक्रोश है और लोग आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। घायल विशाल को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। पीड़ित ने पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। यह घटना एक बार फिर शहर में बढ़ती सूदखोरी और ब्याज वसूली के नाम पर हो रही गुंडागर्दी पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ऐसे मामलों पर सख्ती नहीं हुई तो आम लोगों का जीना मुश्किल हो जाएगा। फिलहाल पुलिस वीडियो और शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।


