औरैया में दिबियापुर थाना क्षेत्र के आँतों गांव के पास स्थित एक बगिया में गुरुवार को एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटका मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान अनिल कुमार सिंह (50) के रूप में हुई है, जो इंद्रा नगर भट्ठा बस्ती, दिबियापुर के निवासी थे। वह कृषि विभाग में सहार क्षेत्र में कार्यरत थे। ग्रामीणों ने बगिया में पेड़ से शव लटका देखा था, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचित किया। मौके पर मृतक की बाइक भी शव के पास खड़ी मिली। घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। अनिल कुमार सिंह अपने पीछे पत्नी रश्मि, पुत्र प्रिंस और पुत्री वृष्टि को छोड़ गए हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक पंकज मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक शराब पीने का आदी था। इस कारण घर में अक्सर विवाद होता था और वह परेशान रहते थे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


