धार जिले के राजगढ़ क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार शाम मोहनखेड़ा ओवरब्रिज के सर्विस रोड पर एक कार से अवैध शराब ले जा रहे युवक को गिरफ्तार किया गया। राजगढ़ थाना प्रभारी समीर पाटीदार ने बताया कि एसपी मयंक अवस्थी के निर्देश और एएसपी पारुल बेलापुर व एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार के मार्गदर्शन में यह सफलता मिली। पुलिस को कार से अवैध शराब परिवहन की सूचना मिली थी, जिसके बाद टीम ने घेराबंदी कर कार क्रमांक एमपी 09 सीपी 1118 को रोका। डिक्की में रखी हुई थी शराब कार की तलाशी लेने पर डिक्की में अवैध शराब मिली। पुलिस ने कार चालक धर्मेंद्र पिता लुमसिंह सोलंकी (27) निवासी ग्राम वन, थाना राणापुर, जिला झाबुआ को गिरफ्तार किया। वाहन से 22 पेटी और 60 नग खुले हुए टीन के डिब्बे अंग्रेजी शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 80,556 रुपए है। एक मोबाइल भी जब्त किया गया। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। इस कार्रवाई में राजगढ़ थाने के सहायक उपनिरीक्षक जितेंद्र सांकला, प्रधान आरक्षक विपिन कटारा व गोपाल परमार, आरक्षक अमित, दिलीप और नरेश का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


