मऊगंज जिले में गिरते भूजल स्तर और गहराते जल संकट को देखते हुए प्रशासन ने अवैध बोरिंग के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। गुरुवार देर शाम नईगढ़ी जनपद के ग्राम करही में बिना अनुमति बोरिंग करते हुए एक मशीन को रंगे हाथों पकड़ा गया। कलेक्टर संजय कुमार जैन के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई से अवैध उत्खनन करने वालों में हड़कंप मच गया है। एसडीएम के निर्देश पर दबिश एसडीएम एपी द्विवेदी के निर्देश पर तहसीलदार सुनील द्विवेदी, नायब तहसीलदार बबलेश तिवारी और थाना प्रभारी ऋषि द्विवेदी की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने तत्काल बोरिंग कार्य रुकवाकर मशीन को अपने कब्जे में ले लिया। जब्त की गई मशीन ‘श्री शक्ति बोरवेल’ संस्था की है, जिसका वाहन क्रमांक KA 01 MU 2566 बताया गया है। बिना अनुमति भूजल उत्खनन पर है प्रतिबंध कलेक्टर द्वारा जिले में बढ़ते पेयजल संकट को देखते हुए नए बोर उत्खनन पर पूर्व में ही प्रतिबंध लगाया गया है। इसके बावजूद नईगढ़ी और देवतालाब क्षेत्र में अवैध बोरिंग की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियम विरुद्ध जल दोहन करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। नईगढ़ी थाना प्रभारी ऋषि कुमार द्विवेदी ने बताया कि जब्त मशीन को थाने में खड़ा कराया गया है। मशीन मालिक और संबंधित पक्षों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। स्थानीय ग्रामीणों ने मांग की है कि भूजल स्तर बचाने के लिए प्रशासन को जिले भर में इस तरह का सघन अभियान लगातार जारी रखना चाहिए।


