रेलवे स्टेशन के मुख्य गेट पर महिला से छेड़छाड़:शाहजहांपुर में विरोध करने पर पति-भाई पर चाकू से किया हमला, पुलिस सीमा विवाद में उलझी

रेलवे स्टेशन के मुख्य गेट पर महिला से छेड़छाड़:शाहजहांपुर में विरोध करने पर पति-भाई पर चाकू से किया हमला, पुलिस सीमा विवाद में उलझी

शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन के मुख्य गेट पर एक महिला पर टिप्पणी करने का विरोध करने पर उसके पति और भाई पर चाकू से हमला कर दिया गया। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस से संपर्क किया, लेकिन जीआरपी और सदर बाजार पुलिस के बीच क्षेत्राधिकार को लेकर विवाद सामने आया। यह घटना मंगलवार रात करीब एक बजे हुई। बकरीद पर अपने मायके आई महिला अपने पति के साथ देहरादून जाने के लिए रेलवे स्टेशन पहुंची थी, लेकिन उनकी ट्रेन छूट गई। उन्हें छोड़ने के लिए महिला का भाई भी स्टेशन पर मौजूद था। ट्रेन छूटने के बाद परिवार रेलवे स्टेशन के बाहर आया। जब महिला का भाई टिकट वापस करने गया, तो स्टेशन के मुख्य गेट के अन्दर खड़ी महिला पर चार से पांच युवकों ने टिप्पणी की। हमले में पति-भाई हुए घायल महिला के पति ने टिप्पणी सुनी और उसका विरोध किया। इसके बाद आरोपियों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। जब टिकट वापस कर रहा भाई मौके पर पहुंचा, तो हमलावरों ने उस पर भी वार किया। परिवार का आरोप है कि इस हमले में पति और भाई दोनों घायल हो गए। हमलावरों की बाइक रेलवे स्टेशन के बाहर साइकिल स्टैंड के पास खड़ी थी। पीड़ित परिवार का आरोप है कि उन्होंने पहले अशफाक नगर चौकी और फिर जीआरपी पुलिस से संपर्क किया, लेकिन दोनों ही जगहों की पुलिस ने घटना को अपने क्षेत्र का न बताते हुए कार्रवाई टाल दी। परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों की बाइक साइकिल स्टैंड के पास होने के बावजूद उसे जब्त नहीं किया गया। बाइक छोड़कर भागे आरोपी बाद में, रात करीब तीन बजे सदर बाजार पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराया, लेकिन कई घंटे बीत जाने के बाद भी आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच नहीं की गई। फिलहाल, जीआरपी और थाना सदर बाजार के इंस्पेक्टर दोनों ने ही घटना को अपने-अपने क्षेत्र का मानने से इनकार किया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि रातभर भटकने के बावजूद उनकी एफआईआर दर्ज नहीं की गई और पुलिस ने घटनास्थल को लेकर क्षेत्राधिकार का विवाद खड़ा कर दिया।
परिवार के अनुसार, हमलावर बाइक छोड़कर स्टेशन के बाहर एक गली में भाग गए थे। रात में ही परिवार ने थाना सदर बाजार क्षेत्र की अशफाकनगर चौकी पर सूचना दी। इसके बाद सदर बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित परिवार से घटना के संबंध में जानकारी ली। आसपास सीसीटीवी कैमरे भी चेक नहीं किए गए घायल युवक का आरोप है कि टिप्पणी का विरोध करने पर आरोपियों ने उन पर हमला किया था। उन्होंने एक हमलावर को पकड़ लिया था, लेकिन वह अपनी टी-शर्ट उतारकर भाग गया। सभी आरोपी स्टेशन के बाहर गली में फरार हो गए थे। पीड़ित ने बताया कि वे पहले जीआरपी पुलिस के पास गए थे, जिन्होंने घटना को स्टेशन के बाहर का बताकर सिविल पुलिस का क्षेत्राधिकार बताया। इसके बाद वे स्टेशन के पास ही महिला थाने गए। वहां पुलिस ने कहा कि वे दस मिनट में आ रहे हैं, लेकिन जब पुलिस आई तो उन्होंने कहा कि वे आरोपियों को जानते हैं और परिवार घर जाए, सुबह आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। पीड़ित का आरोप है कि पुलिस ने आरोपियों की बाइक भी कब्जे में नहीं ली और घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरे भी चेक नहीं किए। जबकि स्थानीय लोग बता रहे थे कि हमलावर आसपास के ही रहने वाले हैं। पुलिस पर लगा लापरवाही का आरोप पीड़ित परिवार का आरोप है कि रात तीन बजे वे सदर थाने पहुंचे, तब सदर पुलिस ने उनका मेडिकल कराया। उन्होंने पुलिस पर बड़ी लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी सुनने वाला कोई नहीं था और वे परदेसी थे। पीड़ित ने कहा कि अगर उनके रिश्तेदार यहां नहीं होते तो वे तड़प-तड़पकर मर जाते। इस संबंध में जीआरपी थाना प्रभारी ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है और थाने पर भी कोई सूचना देने नहीं आया। उन्होंने संभावना जताई कि घटनास्थल स्टेशन के बाहर सिविल पुलिस के क्षेत्र का हो सकता है। वहीं, सदर थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि घटनास्थल जीआरपी थाना क्षेत्र का है और आगे की कार्रवाई जीआरपी थाने की पुलिस करेगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *