सहारनपुर में DIG ऑफिस की दीवार भरभराकर गिरी:सड़क पर खड़ी कई गाड़ियां टूटी, अफरा-तफरी मची

सहारनपुर में DIG ऑफिस की दीवार भरभराकर गिरी:सड़क पर खड़ी कई गाड़ियां टूटी, अफरा-तफरी मची

सहारनपुर के दिल्ली रोड स्थित डीआईजी कार्यालय के बाहर बुधवार को एक बड़ा हादसा टल गया। कार्यालय की बाहरी दीवार अचानक भरभराकर सड़क की ओर गिर गई, जिसकी चपेट में आकर सड़क किनारे खड़ी कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। हालांकि, राहत की बात यह रही कि घटना के समय दीवार के पास कोई राहगीर या वाहन चालक मौजूद नहीं था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोपहर के समय अचानक तेज आवाज के साथ दीवार का एक बड़ा हिस्सा सड़क की ओर ढह गया। ईंटें और मलबा नीचे खड़ी कारों तथा अन्य वाहनों पर गिरा, जिससे उनके शीशे टूट गए और बोनट व छत को नुकसान पहुंचा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों की भीड़ जमा हो गई। फल विक्रेताओं की रेहड़ियां हटवाई थीं हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित दूरी पर हटाया। स्थानीय लोगों ने बताया कि यदि घटना के समय सड़क पर अधिक आवाजाही होती या फल विक्रेताओं की रेहड़ियां लगी होतीं, तो बड़ा हादसा हो सकता था। कुछ दिन पहले ही प्रशासन ने वहां से फल विक्रेताओं की रेहड़ियां हटवाई थीं। क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि यह दीवार पहले भी कई बार क्षतिग्रस्त हो चुकी थी और इसके गिरने की आशंका लंबे समय से जताई जा रही थी। इसके बावजूद इसकी स्थायी मरम्मत या सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर ध्यान दिया जाता तो इस घटना को टाला जा सकता था। नुकसान का आकलन शुरू कर दिया घटना के दौरान डीआईजी कार्यालय के बाहर तैनात पुलिसकर्मियों ने मौके पर व्यवस्था संभाली। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ पुलिसकर्मी लोगों को वीडियो बनाने से भी रोक रहे थे। हादसे के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों के मालिकों ने अपने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। इस घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *