Fire Safety Week 2026 RACE Rule: आग लगने पर क्या करें और क्या नहीं, खुद को बचाएं या सामान… ऐसी स्थिति में दिमाग काम करना बंद कर देता है। पर, ऐसी आपातकालीन स्थिति में समय कीमती होता है। इसी बात को समझाने के लिए स्वास्थ्य मंत्रालय, भारत सरकार ने आग लगने पर बचाव करने के बारे में RACE सिद्धांत के बारे में बताया है।
मंत्रालय ने अपनी पोस्ट में बताया है कि जब बात आग लगने जैसी घटना की हो, तो चंद सेकंड का निर्णय जीवन और मृत्यु के बीच का अंतर तय कर सकता है। आग लगने पर घबराहट होना स्वाभाविक है, लेकिन सुरक्षित रहने के लिए शांत रहकर सही कदम उठाना चाहिए।
फायर सेफ्टी वीक 2026 के अवसर पर, R.A.C.E. सिद्धांत को समझाया है जिसे अपनाकर मदद मिल सकती है। इस तरीके से बचाव किया जा सकता है।

R – Rescue (बचाव)
आग का पता चलते ही आपकी पहली प्राथमिकता अपनी और दूसरों की जान बचाना होनी चाहिए। अगर आप सुरक्षित हो, तो तुरंत उन लोगों की सहायता करें जो आग में फंसे हैं। धुएं से बचने के लिए जमीन के करीब रहें (रेंगकर चलें), क्योंकि ताजी हवा नीचे की ओर होती है। इस दौरान लिफ्ट का प्रयोग बिल्कुल न करें; हमेशा सीढ़ियों का चुनाव करें।
A – Alarm (अलार्म)
एक बार जब आप सुरक्षित महसूस करें या बचाव की प्रक्रिया शुरू कर दें, तो दूसरों को सचेत करें। नजदीकी Fire Alarm को दबाएं ताकि मदद के लिए टीम आ पाए। साथ ही आसपास के लोगों को अलर्ट करने के लिए जोर से चिल्लाकर “आग-आग” (Fire!) कहें ताकि आसपास के लोग सतर्क हो जाएं। आप तुरंत फायर ब्रिगेड या आपातकालीन नंबर पर कॉल करें और घटनास्थल की सटीक जानकारी दें।
C – Confine (सीमित करना)
आग और धुएं को तेजी से फैलने से रोकने के लिए उसे एक क्षेत्र में सीमित करना आवश्यक है। कमरे से बाहर निकलते समय दरवाजे और खिड़कियों को बंद कर दें। यह आग को मिलने वाली ऑक्सीजन की आपूर्ति को कम करता है और धुएं को दूसरे कमरों में जाने से रोकता है।
ध्यान रहे, दरवाजों को ताला से लॉक न करें ताकि बचाव दल आसानी से अंदर जा सके।
E – Extinguish / Evacuate (आग बुझाना या बाहर निकलना)
यह अंतिम और सबसे महत्वपूर्ण निर्णय है। अगर आप इस काम की ट्रेनिंग लिए हैं तभी करें।
- Extinguish: यदि आग बहुत छोटी है और आपके पास सही अग्निशामक यंत्र (Fire Extinguisher) है, तो उसे बुझाने का प्रयास करें।
- Evacuate: यदि आग बड़ी है, तेजी से फैल रही है, या आपके पास संसाधन नहीं हैं, तो तुरंत वहां से बाहर निकल जाएं। अपनी जान जोखिम में डालकर हीरो बनने की कोशिश न करें।
आग से बचाने में कारगर है “R.A.C.E.”
आग लगने पर “R.A.C.E.” का पालन करने से आप खुद को बचाने के साथ-साथ अन्य की रक्षा कर सकते हैं। साथ ही आग को तेजी से फैलने से भी रोक सकते हैं। अगर ये समय पर व्यवस्थित तरीके से किया जाए तो बड़े नुकसान को भी टाल सकता है।


