अगर BCCI ने मान ली रवि शास्त्री की ये सलाह, तो बदल जाएगी वैभव सूर्यवंशी की किस्मत!

अगर BCCI ने मान ली रवि शास्त्री की ये सलाह, तो बदल जाएगी वैभव सूर्यवंशी की किस्मत!

Vaibhav Suryavanshi in IPL 2026: पूर्व भारतीय कोच रवि शास्त्री ने युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को जल्द से जल्द टीम इंडिया में मौका देने की वकालत की है। आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले सूर्यवंशी ऑरेंज कैप की रेस में बने हुए हैं और लगातार रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं। 

Ravi Shastri on Vaibhav Suryavanshi: टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर और पूर्व कोच रवि शास्त्री (Ravi Shastri) ने वैभव सूर्यवंशी को जल्द से जल्द टीम इंडिया में शामिल करने की वकालत की है। आपको बता दें कि अब तक सिर्फ 19 आईपीएल मैचों में 738 रन बनाने वाले सूर्यवंशी ने इस साल सबसे ज्यादा छक्के लगाए हैं। वह इस सीजन 12 मैचों में 40 की औसत और 234 की स्ट्राइक रेट से 486 रन बनाकर ऑरेंज कैप की रेस में बने हुए हैं। इस प्रदर्शन के बाद कई दिग्गजों ने उन्हें जल्द से जल्द टीम इंडिया में शामिल करने की अपील की है।

भारत A में हो चुका है सेलेक्शन

आपको बता दें कि आईपीएल के तुरंत बाद श्रीलंका में खेली जाने वाली ट्राई सीरीज के लिए चुनी गई 15 सदस्यीय टीम में उन्हें चुन लिया गया है, जिसकी कमान तिलक वर्मा संभालेंगे। टीम इंडिया को जून में अफगानिस्तान के खिलाफ एक टेस्ट और 3 वनडे मैचों की सीरीज खेलनी है। ऐसे में देखना होगा कि भारतीय चयनकर्ता उन्हें इस सीरीज के लिए मौका देते हैं या नहीं। उससे पहले टीम इंडिया के पूर्व कोच रवि शास्त्री ने BCCI को सलाह दी है कि वैभव सूर्यवंशी को किस फॉर्मेट में सबसे पहले मौका देना चाहिए।

स्टार स्पोर्ट्स से बात करते हुए रवि शास्त्री ने कहा, “अगर आप किसी युवा खिलाड़ी को जल्द-से-जल्द टीम में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित करना चाहते हैं, तो इसके लिए टी20 फॉर्मेट सबसे बेहतर है और टीम में शामिल होने के लिए सूर्यवंशी किसी भी मामले में पीछे नहीं हैं।”

IPL में कर चुके हैं ये कारनामे

वैभव सूर्यवंशी आईपीएल में 2 शतक लगा चुके हैं। वह आईपीएल में सबसे तेज 100 छक्के मारने वाले बल्लेबाज भी हैं। इसके अलावा वह सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज भी हैं। सूर्यवंशी ने 2025 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ सिर्फ 35 गेंदों में यह कारनामा किया था। ओवरऑल रिकॉर्ड में वह आईपीएल इतिहास के दूसरे सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज हैं। क्रिस गेल ने 2013 में 30 गेंदों में यह कारनामा किया था।

वैभव सूर्यवंशी अंडर-19 टीम के लिए 2 बड़े टूर्नामेंट खेल चुके हैं। उन्होंने पिछले साल अंडर-19 टी20 एशिया कप और अंडर-19 वनडे वर्ल्ड कप में टीम इंडिया का प्रतिनिधित्व किया था, जहां अपनी शानदार बल्लेबाजी से दुनियाभर के दिग्गजों का ध्यान आकर्षित किया था। अब देखना होगा कि सूर्यवंशी टीम इंडिया की जर्सी कब पहनते हैं।

​Sports – Patrika | CMS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *