शहडोल में गुरुवार रात 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चली तेज आंधी ने व्यापक असर डाला। आंधी के कारण कमिश्नर निवास के पास एक विशाल पेड़ जड़ समेत उखड़कर गिर गया। पेड़ का बड़ा हिस्सा निवास परिसर में गिरने से कमिश्नर का वाहन और मुख्य गेट क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि घटना के समय कोई व्यक्ति पेड़ की चपेट में नहीं आया, जिससे जनहानि टल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज हवाओं के साथ धूलभरी आंधी चली, जिससे कई स्थानों पर पेड़ों की शाखाएं टूटकर सड़कों पर गिर गईं। कमिश्नर निवास के पास गिरे विशाल पेड़ के कारण घरौला मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। घटना की सूचना मिलते ही नगर पालिका, बिजली विभाग और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। सुरक्षा के मद्देनजर क्षेत्र की घेराबंदी की गई और यातायात को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया गया। कर्मचारियों ने देर रात तक पेड़ काटकर हटाने का काम किया, जिसके बाद मार्ग को आंशिक रूप से बहाल किया जा सका। आंधी-तूफान का असर शहर के अन्य हिस्सों में भी देखा गया। कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जबकि कुछ स्थानों पर विद्युत लाइनें और पोल भी क्षतिग्रस्त हुए। बिजली विभाग की टीम रातभर मरम्मत कार्य में जुटी रही और आपूर्ति सामान्य करने का प्रयास करती रही। गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से जिले में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। तेज गर्मी के बीच प्री-मानसून गतिविधियों के कारण आंधी, गरज-चमक और हल्की बारिश की स्थिति बनी हुई है। हाल ही में जिले में आकाशीय बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत भी हुई थी, जिसके बाद प्रशासन ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।


