बलरामपुर में घर में लगी आग, परिवार बेघर:रात 11 बजे सो रहे थे सदस्य, घर में रखा 10 बोरी धान सहित पूरा अनाज जलकर राख

बलरामपुर में घर में लगी आग, परिवार बेघर:रात 11 बजे सो रहे थे सदस्य, घर में रखा 10 बोरी धान सहित पूरा अनाज जलकर राख

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के ग्राम पंचायत चूना पत्थर, ब्लॉक रामचंद्रपुर निवासी पुरनलाल पण्डो के घर में शुक्रवार, 25 अप्रैल 2026 की रात करीब 11 बजे आग लग गई। इस घटना में पूरा घर जलकर राख हो गया, जिससे परिवार बेघर हो गया। आग लगने के समय पुरनलाल पण्डो और उनका परिवार घर के अंदर सो रहा था। जब आग पूरे घर में फैल गई और उनके बिस्तर पर अंगारे गिरने लगे, तब पुरनलाल की पत्नी रजवंती पण्डो ने उन्हें जगाया। उन्होंने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद गांव के लोग इकट्ठा हुए। हालांकि, जब तक ग्रामीण आग पर काबू पाते, तब तक पूरा घर जल चुका था। परिवार के सदस्यों और बच्चों को किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाला गया। पुरनलाल पण्डो के घर में उनकी पत्नी, बहन और भाई सहित कुल पांच सदस्य रहते थे। उनके पिता का निधन पहले ही हो चुका था और उन्होंने यह घर बड़ी मुश्किल से बनाया था। आग लगने से उनका पूरा परिवार बेघर हो गया है। इस घटना में घर में रखा लगभग 10 बोरी धान, 8 बोरी गेहूं और 4-5 बोरी सरसों भी जलकर राख हो गया। आग लगने के कारणों के बारे में फिलहाल कोई खास जानकारी नहीं मिल पाई है। हालांकि, प्रारंभिक तौर पर यह बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण लगी प्रतीत हो रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *