हिमाचल निकाय चुनाव: कल 3 बजे थमेगा चुनाव प्रचार:ड्राई-डे लागू होगा, शराब ठेके व बीयर-बार बंद होंगे, 51 ULBs में 17 मई को वोटिंग

हिमाचल निकाय चुनाव: कल 3 बजे थमेगा चुनाव प्रचार:ड्राई-डे लागू होगा, शराब ठेके व बीयर-बार बंद होंगे, 51 ULBs में 17 मई को वोटिंग

हिमाचल प्रदेश के 4 नगर निगम समेत 51 शहरी निकायों (ULBs) में वोटिंग के लिए काउंटडाउन शुरू हो गया है। कल (15 मई) दोपहर 3 बजे के बाद चुनाव प्रचार का शोर थम जाएगा। इसके बाद कोई भी प्रत्याशी जलूस, डोल-नगाड़ों और दल-बल के साथ चुनाव प्रचार नहीं कर सकेगा। उम्मीदवारों को डोर-टू-डोर जाकर वन-टू-वन कैंपेन करना होगा। इसी के साथ कल दोपहर 3 बजे से ही ड्राई-डे शुरू हो जाएगा। यानी शराब परोसने वाले ठेके, बीयर बार और होटल बंद रखने होंगे, जो मतदान समाप्त होने तक बंद रहेंगे। राज्य निर्वाचन आयोग ने ड्राई-डे के दौरान शराब परोसने वालों के खिलाफ आबकारी विभाग को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। राज्य के सभी नगर निकायों में 17 मई को सुबह 7 बजे मतदान शुरू होगा, जो दोपहर 3 बजे तक चलेगा। सोलन, मंडी, धर्मशाला और पालमपुर नगर निगम को छोड़कर अन्य सभी स्थानों पर नगर परिषद और नगर पंचायतों में मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन मतगणना शुरू होगी और परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे, जबकि चार नगर निगमों में परिणाम के लिए 31 मई तक इंतजार करना होगा। 439 पदों पर 1147 उम्मीदवार मैदान में राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार 51 ULBs में 439 पदों के लिए कुल 1147 उम्मीदवार मैदान में हैं। कांगड़ा जिला में सबसे अधिक 218 प्रत्याशी हैं, जबकि बिलासपुर में 87, चंबा में 72, हमीरपुर में 44, कुल्लू में 100, मंडी में 180, शिमला में 123, सिरमौर में 84, सोलन में 121 और ऊना में 118 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। 3.80 लाख मतदाता करेंगे मतदान इन प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 17 मई को 3.80 लाख मतदाता करेंगे। इनमें 1,80,963 पुरुष, 1,79,882 महिला और 14 अन्य मतदाता शामिल हैं। निकाय चुनाव इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) से कराए जाएंगे। नगर निगम चुनाव पर सबकी नजर प्रदेशवासियों की नजर सोलन, मंडी, धर्मशाला और पालमपुर नगर निगम चुनाव पर टिकी है, क्योंकि ये चुनाव पार्टी चिन्ह पर होते हैं। इसी वजह से इन्हें 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सत्ता का सेमीफाइनल माना जा रहा है। यही कारण है कि कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी दोनों दल इस चुनाव में पूरी ताकत झोंक रहे हैं। इन निकायों में निर्विरोध चुने गए पार्षद राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार नगर पंचायत करसोग के वार्ड नंबर 1 और 3, नगर परिषद ज्वालामुखी के वार्ड नंबर 2, नगर पंचायत बंजार के वार्ड नंबर 6, नगर पंचायत रिवाल्सर के वार्ड नंबर 1, नगर पंचायत नेरवा के वार्ड नंबर 2, 3 और 4 तथा नगर पंचायत चिड़गांव के वार्ड नंबर 2 में पार्षद निर्विरोध चुने गए हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *